प्रदर्शन को आए किसानों की कलक्ट्रेट में कराई कोरोना जांच
विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे किसानों की सिटी मजिस्ट्रेट से नोकझोंक हुई। सिटी मजिस्ट्रेट ने कोरोना संक्रमण को लेकर सावधानी बरतने की बात कही। बाद में किसानों की कोरोना जांच कराई गई।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे किसानों की सिटी मजिस्ट्रेट से नोकझोंक हुई। सिटी मजिस्ट्रेट ने कोरोना संक्रमण को लेकर सावधानी बरतने की बात कही। बाद में किसानों की कोरोना जांच कराई गई।
अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के बैनर तले किसान एकत्र होकर सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए विभिन्न मांगें रखी। इसी दौरान सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार ने मौके पर पहुंचकर किसानों को कोरोना संक्रमण के चलते सावधानी बरतने की हिदायत दी, जिस पर किसानों ने आक्रोश जताया। किसानों ने कहा कि शासन-प्रशासन खोखले दावे करता है। सभी किसानों के कर्जे माफ होने चाहिए। फसलों का लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए। बिजली की दरों को कम किया जाए। फसल नुकसान का किसानों को समय से मुआवजा दिया जाए। डीजल के दाम कम किए जाए। किसानों ने कारपोरेट भगाओ किसानी बचाओ के नारे भी लगाए। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते यह धरना-प्रदर्शन का उचित समय नहीं है। शारीरिक दूरी और मास्क का भी पालन नहीं किया जा रहा है। इससे संक्रमण फैलने की आशंका है। उन्होंने कहा समस्याओं का समाधान किया जाएगा, लेकिन सभी किसानों को कोरोना जांच भी करानी होगी। कुछ किसानों ने इंकार भी किया, लेकिन बाद में अधिकांश ने कलक्ट्रेट में ही कोरोना की जांच कराई। इस दौरान प्रदीप देशवाल, श्रीकांत त्यागी, रजनीश कुमार, सचिन वर्मा, कर्णपाल त्यागी, डा. सूरजप्रकाश देशवाल, विपिन शर्मा, धनवीर सिंह आदि मौजूद रहे।