किसानों का हाईवे पर हंगामा, सांसद का घेराव
नेशनल हाईवे जाम करने पर दौड़े अधिकारी। 22 को होगी अफसरों व किसानों की वार्ता।
खतौली : नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया से मुआवजे व ब्याज दिलाने की मांग को लेकर किसानों ने नेशनल हाईवे-58 पर हंगामा किया। उन्होंने चंद मिनट रास्ता जाम किया, तो पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर दौड़े और समझाकर रास्ता खुलवाया। किसानों ने सांसद संजीव बालियान का घेराव किया। सांसद ने किसानों की समस्याओं के निराकरण का भरोसा देकर शांत किया। उन्होंने 22 अक्टूबर को किसानों व रेलवे के अधिकारियों से वार्ता कराने का भरोसा दिलाया।
एनएचएआइ द्वारा एनएच-58 के चौड़ीकरण में सैकड़ों किसानों की जमीन अधिग्रहीत की थी। किसानों का आरोप है कि उनके मुआवजे व ब्याज की गणना में त्रुटि की गई। आरोप है कि कुछ किसानों की बिना अधिग्रहण किए करीब 20 हजार वर्ग मी. जमीन पर एनएचएआइ ने कब्जा कर सड़क बना दी। उन्हें आज तक मुआवजा नहीं दिया गया। इसके विरोध में किसानों ने शनिवार को भंगेला गांव में हाईवे पर हंगामा कर फ्लाईओवर का निर्माण रुकवा दिया था। इसका शिलान्यास न होने देने व सांसद संजीव बालियान के घेराव का एलान किया था। सुबह से खतौली, मंसूरपुर व रतनपुरी थाने की पुलिस व पीएसी तैनात थी। दोपहर 12 बजे शिलान्यास का कार्यक्रम था। किसान सुबह ही वहां पहुंच गए। उन्होंने चीतल कैफे के पास हंगामा किया और हाईवे जाम किया। मिनटों में एडीएम प्रशासन अमित कुमार व एसपी सिटी ओमवीर ¨सह व सीओ डॉ. राजीव कुमार ने किसानों को समझाकर रास्ता खुलवाया। उन्होंने सांसद से मिलवाने का भरोसा दिलाया। सांसद संजीव बालियान के पहुंचने पर किसानों ने उनको घेर लिया व समस्या बताई। सांसद ने उनकी समस्याओं को जायज बताया और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने 22 अक्टूबर को रेलवे के अफसरों से किसानों की वार्ता कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने निर्माण कार्य न रोकने की अपील की। हंगामा करने वालों में भैंसी के प्रधान सुनील कुमार, जीतेंद्र अहलावत, सुखपाल, नरेंद्र व जाहिद आदि शामिल रहे।