68,193 श्रमिकों के बैंक खाते में पहुंची आपदा राहत धनराशि
उत्तर प्रदेश में आपदा राहत सहायता योजना के लिए पंजीकृत श्रमिकों के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपये की धनराशि भेजी गई। जिले में 68193 निर्माण श्रमिकों के खातों में धनराशि आरटीजीएस की गई। शेष श्रमिकों के खातों में भी जल्द धनराशि जमा करने की जानकारी दी गई।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में आपदा राहत सहायता योजना के लिए पंजीकृत श्रमिकों के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपये की धनराशि भेजी गई। जिले में 68,193 निर्माण श्रमिकों के खातों में धनराशि आरटीजीएस की गई। शेष श्रमिकों के खातों में भी जल्द धनराशि जमा करने की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री आपदा राहत सहायता योजना के अंतर्गत जिले के 68,193 निर्माण श्रमिकों के बैंक खातो में एक-एक हजार रुपये की धनराशि के हिसाब से बुधवार को कुल 6,81,93,000 सहायता धनराशि जमा कराई गई। सहायक श्रमायुक्त प्रतिभा तिवारी ने बताया कि अपर मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने 9 जून को आनलाइन संचालित आपदा राहत सहायता योजना के अंतर्गत हितलाभ वितरण एवं असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के पोर्टल का उद्घाटन किया था। इसके बाद जिले में लाभार्थियों को आपदा राहत सहायता योजन के तहत लाभ दिया गया। बुधवार को हुए कार्यक्रम में विधायक उमेश मलिक, विधायक विक्रम सैनी, सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, सहायक श्रमायुक्त एवं श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रतिभा तिवारी ने कलक्ट्रेट स्थित एनआइसी में कुल पंजीकृत निर्माण श्रमिक 17, 9095 में से 68,193 निर्माण श्रमिकों के बैंक खातो में एक-एक हजार रुपये की धनराशि के हिसाब से कुल 6,81,93,000 रुपये की आरटीजीएस किया गया। इसके अतिरिक्त पांच पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को एक हजार रुपये की धनराशि का सांकेतिक चेक जनप्रतिनिधियों एवं डीएम के माध्यम से दिया गया। सहायक श्रमायुक्त प्रतिभा तिवारी ने बताया कि शेष पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को आपदा राहत सहायता योजना के अंतर्गत एक हजार रुपये की धनराशि आरटीजीएस के माध्यम से शीघ्र दी जाएगी।