थम नहीं रहा सर्दी व कोहरे का कहर, लोग हलकान
पिछले दस दिन से कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर जारी है। वाहन चालकों के लिए कोहरा परेशानी का सबब बना हुआ है। यातायात प्रभावित हो रहा है। सोमवार को कोहरा जल्द छंटने से आसमान में बादल छा गए। हवा का दबाव कम होने से वायुमंडल में गर्माहट पैदा हो गई जिससे पारे में थोड़ा उछाल आ गया और लोगों को राहत मिल सकी।
जेएनएन, मुजफ्फनगर। पिछले दस दिन से कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर जारी है। वाहन चालकों के लिए कोहरा परेशानी का सबब बना हुआ है। यातायात प्रभावित हो रहा है। सोमवार को कोहरा जल्द छंटने से आसमान में बादल छा गए। हवा का दबाव कम होने से वायुमंडल में गर्माहट पैदा हो गई जिससे पारे में थोड़ा उछाल आ गया और लोगों को राहत मिल सकी।
पिछले दस दिन से कड़ाके की ठंड और कोहरा लोगों को हलकान कर रहा है। गर्म व ऊनी कपड़ों में लिपटने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है। कोहरा व ठंड के चलते किसान, मजदूर, व्यापारी आदि परेशान हैं। बाजार देरी से खुल रहे हैं और शाम को जल्द बंद हो रहे हैं। दिन में भी ग्राहक ढूंढे नहीं मिल पा रहे हैं। किसान-मजदूर देरी से काम पर पहुंच रहा है। यातायात प्रभावित हो रहा है। लंबी दूरी की बसें, ट्रेनें निर्धारित समय से कई-कई घंटे की देरी से चल रही हैं। रविवार की रात से ही कहीं हल्का तो कहीं घना कोहरा छा गया था जो सोमवार की सुबह 10 बजे तक रहा। पेड़ पौधों से बूंदों के रूप में कोहरा टपकता रहा। कोहरा छंटने के बाद बादल छा गए। वायुमंडल में हवा का दबाव कम हो गया, जिसके चलते तापमान में थोड़ा बढ़ोतरी हुई। कई बार हल्की धूप भी निकली, जिससे लोगों को राहत मिल सकी। ठंड से बचाव के लिए, घर, आफिस, दुकान, प्रतिष्ठान में हीटर, गैस बर्नर, अंगीठी, लकड़ियां, कोयला आदि जलाए गए। नगरपालिका की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास अलाव जलाए जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इन्होंने कहा..
कोहरा व पाला गेहूं की फसल के लिए रामबाण है। आलू व सरसों फसल के लिए नुकसानदायक है। आलू में झुलसा रोग तथा सरसों फसल में माहू रोग की आशंका बढ़ जाती है। इसके लिए किसान शाम के समय खेत के पास धुआं करें, सल्फर का छिड़काव करें तथा हल्की सिचाई करें।
-पीके सिंह, अध्यक्ष कृषि विज्ञान केंद्र बघरा सोमवार को बादलों की आवाजाही के चलते तापमान में थोड़ा उछाल आया। मंगलवार को सुबह कोहरा छाने तथा इसके बाद मौसम साफ रहने की संभावना है।
-जेपी गुप्ता, निदेशक मौसम विभाग