सफाई व्यवस्था चौपट, घरों में हो रही दूषित पानी की आपूर्ति
चुनाव भले ही विधानसभा का हो लेकिन नगरपालिका की अव्यवस्था से लोगों में रोष है। नगर में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था में झोल होने से गंदगी हावी है। नगरपालिका की पाइपलाइन में लीकेज होने से घरों में दुर्गधयुक्त दूषित पानी की आपूर्ति बड़ा मुद्दा है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। चुनाव भले ही विधानसभा का हो, लेकिन नगरपालिका की अव्यवस्था से लोगों में रोष है। नगर में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था में झोल होने से गंदगी हावी है। नगरपालिका की पाइपलाइन में लीकेज होने से घरों में दुर्गधयुक्त दूषित पानी की आपूर्ति बड़ा मुद्दा है। विधानसभा चुनाव में वोट मांगने उतरे प्रत्याशियों का सामना मोहल्लें में दूषित पानी की आपूर्ति की समस्या झेल रहे लोगों से होगा। लोग समस्या के निदान के लिए उम्मीदवारों से आश्वासन लेंगे।
नगरपालिका के पचास वार्ड में से अधिकतर में गंदगी का आलम है। क्योंकि सफाई कर्मचारी कुछ स्थानों पर ही सफाई करते हैं। सफाई नायकों से संपर्क करने के बाद ही लोग गंदगी से निजात पा रहे हैं। शहर के आनंदपुरी, इंदिरा कालोनी, केवलपुरी, लद्धावाला व खालापार क्षेत्र में सफाई कर्मचारी सुबह क्षेत्र में नहीं आ रहे हैं। इस कारण इन क्षेत्रों में कई दिन तक कुत्तों की फैलाई गंदगी के साथ गलियों के कोने पर पड़ा रहने वाला कचरा बीमारियों की जड़ भी बन रहा है। पालिका के पानी ने ठप किए घरों के आरओ
आनंदपुरी और इंदिरा कालोनी के कई घरों में गंदे और दूषित पानी की सप्लाई होने की शिकायत है। महीनों से चल रही इस समस्या के निदान को पालिकाकर्मी भी पहुंच चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस है। लोगों में आक्रोश है कि वह पालिका को जल कर का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन फिर भी उन्हें गंदा पानी पीना पड़ रहा है। पानी में नालों की गंदगी मिश्रित होने से कई घरों के आरओ ठप हो चुके हैं। लोग बाहर से पानी लेकर पीने को मजबूर हैं। बोले लोग..
शहर में कूड़ा निस्तारण नियमित नहीं है। अस्पताल के पास बने डंपिग जोन में कूड़ा कई दिन तक पड़ा रहता है। कूड़ा सड़कों पर भी पड़ा रहता है, जिससे गंदगी फैल रही है। मोहल्लों में सफाई कर्मचारी भी रोज नहीं पहुंचते, जिस कारण नाला और नालियों में गंदगी का आलम है।
- रजत त्यागी, कच्ची सड़क
---
इंदिरा कालोनी और आनंदपुरी में दूषित पानी आ रहा है। नालों की गंदगी मिलकर घरों में पहुंच रही है। आरओ भी ठप हो गया है। बाहर से महंगा पानी लेकर पीने को मजबूर हैं।
अभिषेक कश्यप, इंदिरा कालेानी
--- इनका कहना है..
शहर की सफाई व्यवस्था पर पालिका प्रशासन का पूरा ध्यान रहता है। गंदे पानी की समस्या सर्राफा बाजार में भी आई थी, जिसे दूर किया है। अन्य स्थान पर भी इस समस्या को दूर कराएंगे। जल निगम ने सीवर के लिए पाइप लाइन भी पतली डाली है, जिस कारण यह समस्या पैदा हो रही है।
- अंजू अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष