सिटी मजिस्ट्रेट के छापे से मचा हड़कंप, 50 हजार का जुर्माना
क्षेत्र के गन्ना कोल्हू कोल्हूओं में पॉलीथीन व रबर जलाकर प्रदूषण फैलाने की समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर का जिला प्रशासन ने संज्ञान ने लिया है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। मोरना क्षेत्र में गन्ना कोल्हू कोल्हुओं में पॉलीथीन व रबर जलाकर प्रदूषण फैलाने की समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर का जिला प्रशासन ने संज्ञान ने लिया है। डीएम के आदेश पर शनिवार को नगर मजिस्ट्रेट ने पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम के साथ कई गांवों के कोल्हुओं पर छापेमारी की। कस्बा भोकरहेड़ी में कोल्हू पर पॉलीथिन व रबड़ आदि मिलने पर उसके मालिक से 50 हजार का जुर्माना वसूला गया।
विकास खंड मोरना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी, भोपा, छछरौली, ककराला, भेडाहेड़ी, मोरना आदि गांवों में कई दर्जन गन्ना कोल्हू संचालित हैं। जिन पर ईंधन के रूप में पॉलीथिन व रबर के जूते, चप्पल आदि जलाकर आसमान में काला धुआं स्याही फैला रहा है। प्रदूषण की समस्या को समाचार पत्रों ने शनिवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया। डीएम के आदेश पर सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार ने राजस्व निरीक्षक ऋषिपाल सिंह, पुलिस चौकी प्रभारी लेखराज सिंह व उप निरीक्षक जगपाल सिंह के साथ शनिवार की दोपहर गांव छछरौली व कस्बा भोकरहेड़ी में चल रहे कोल्हूओं में छापेमारी की। जिससे कोल्हू संचालकों में हड़कंप मच गया और कई कोल्हू संचालक बंद कर भाग गए। कस्बा भोकरहेड़ी में शाकिर के कोल्हू में बड़ी मात्रा में पॉलीथिन रबर, जूते, चप्पल मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने तत्काल नगर पंचायत भोकरहेड़ी के कर्मचारियों से 50 हजार रुपये के जुर्माने की रसीद कटवा दी। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने कोल्हू मालिकों को जमकर फटकार लगाई तथा प्रदूषण फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी की और नगर पंचायत भोकरहेड़ी को कार्रवाई करने के सख्त आदेश दिए।