मतदान केंद्रों के बाहर भाजपाइयों ने डाला डेरा
शिक्षक और स्नातक सीट के लिए हुए मतदान में इस बार राजनीतिक दलों के मैदान में कूदने से वोट प्रतिशत बढ़ा है। भाजपा ने वोटरों को मतदान केंद्रों तक लाने के लिए खूब प्रयास किए। केंद्रों के बाहर भाजपा पदाधिकारियों ने डेरा डाले रखा। मंत्री और विधायकों ने वोटिग के साथ ही एजेंट बने भाजपा पदाधिकारियों का हौसला बढ़ाया।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। शिक्षक और स्नातक सीट के लिए हुए मतदान में इस बार राजनीतिक दलों के मैदान में कूदने से वोट प्रतिशत बढ़ा है। भाजपा ने वोटरों को मतदान केंद्रों तक लाने के लिए खूब प्रयास किए। केंद्रों के बाहर भाजपा पदाधिकारियों ने डेरा डाले रखा। मंत्री और विधायकों ने वोटिग के साथ ही एजेंट बने भाजपा पदाधिकारियों का हौसला बढ़ाया।
चुनाव से पहले शहर के तीनों मतदान केंद्र मदन मोहन मालवीय इंटर कालेज, वैदिक पुत्री कन्या पाठशाला इंटर कालेज और दीपचंद्र ग्रेन चेंबर इंटर कालेज के अंदर और बाहर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। केंद्र से 100 मीटर की दूरी तक बैरिकेडिग की गई थी। मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों ने स्टाल लगाए। जिले में सर्वाधिक स्टाल भाजपाइयों के रहे। भाजपा पदाधिकारियों को वोटर को बूथ पर लाने और मतदान कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। इतना ही नहीं पदाधिकारियों को लक्ष्य भी दिए गए। लक्ष्य पूरा करने के लिए कई पदाधिकारी वोटरों को घर से लेकर आए और फिर घर तक पहुंचाया। महिला पदाधिकारियों को महिला वोटरों की जिम्मेदारी दी गई। केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक ने मतदान करने के साथ ही भाजपा पदाधिकारियों के बीच वोटिग की जानकारी ली। साथ ही उत्साह भी बढ़ाया। भाजपा के इतर दूसरे दलों के स्टाल काफी कम रहे, जबकि शिक्षक सीट पर 15 और स्नातक सीट पर 30 प्रत्याशी चुनावी रण में हैं।
खानपान की भी व्यवस्था
मतदान केंद्रों के बाहर भाजपा पदाधिकारियों समेत स्टाल पर मौजूद अन्य लोगों के लिए चाय व नाश्ता समेत खाने की व्यवस्था की गई। पैकेट बंद भोजन समेत व्रत रखने वालों के लिए फलों का प्रबंध किया गया।