बरात की बस व ट्रैक्टर-ट्राला की भिड़ंत, दो लोगों की मौत
मीरापुर थाना क्षेत्र के कैथोड़ा गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राला और बरात की बस में भिड़ंत हो गई। हादसे में दो बरातियों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दूल्हे का पिता भी शामिल हैं।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र के कैथोड़ा गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राला और बरात की बस में भिड़ंत हो गई। हादसे में दो बरातियों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दूल्हे का पिता भी शामिल हैं।
भोपा थाना क्षेत्र के कसौली गांव निवासी गगन पुत्र कमेश की बरात बुधवार सुबह रामराज जा रही थी। जैसे ही बरात की बस कैथोड़ा गांव के पास पहुंची तभी टिकोला शुगर मिल में गन्ना डालकर वापस लौट रहे ट्रैक्टर-ट्राला से भिड़ंत हो गई। बस में सवार महिलाओं व बच्चों में चीख पुकार मच गई। पीछे से दूसरे वाहन से दूल्हा व अन्य बराती पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस व प्राइवेट वाहनों से जानसठ अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने कसौली गांव निवासी मोहम्मद नीशू पुत्र अख्तर और आत्माराम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दूल्हे के पिता कमेश, गांव छछरौली निवासी शिवकुमार, बसेडा निवासी सोनू, कसौली निवासी महेन्द्र, अलीपुर अटेरना थाना सरधना निवासी ज्ञानेन्द्र, विजय व वीरू आदि को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटनास्थल के निकट क्लीनिक चलाने वाले डा. रियासत ने कई घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
सादगी में हुई दुल्हन की विदाई
बरात के स्वागत के लिए दुल्हन पक्ष के लोगों ने पूरी तैयारी कर रखी थी। हादसे की जानकारी मिलने पर दुल्हन के पिता सुरेंद्र और अन्य लोगों में अफरातफरी मच गई और वे भी घटनास्थल पर पहुंच गए। दोपहर बाद सादगी में दुल्हन की विदाई हुई। इनका कहना है..
हादसे में दो बरातियों की मौत हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर चालक फरार है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
-ज्ञानेश्वर बौद्ध, इंस्पेक्टर मीरापुर।