पिछड़ा वर्ग ने की विधायक का पुतला फूंकने की कोशिश
पुरकाजी कस्बे में ट्रस्ट के सील अस्पताल के पक्ष में बाहरी लोगों ने विधायक का पुतला फूंकने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। बाद में पुतला फूंकने की कोशिश करने वाले सभी को छोड़ दिया गया।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। पुरकाजी कस्बे में ट्रस्ट के सील अस्पताल के पक्ष में बाहरी लोगों ने विधायक का पुतला फूंकने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। बाद में पुतला फूंकने की कोशिश करने वाले सभी को छोड़ दिया गया।
कस्बे के खादर तिराहा पर बुधवार शाम कई युवकों ने भाजपा विधायक प्रमोद उटवाल का पुतला फूंकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देख सभी भागने लगे। पुलिस ने मौके से चार को हिरासत में ले लिया। थाने में बैठे रामपाल सिंह पाल ने बताया कि वह भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा का जिलाध्यक्ष है, जबकि पकडे़ गए लोगों में एक बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कमल गौतम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लक्सर हाईवे पर पिछड़ा वर्ग के चिकित्सक के अस्पताल पर विधायक के इशारे पर सील लगाई गई है। डाक्टर का उत्पीड़न किया जा रहा है। पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी को छोड़ दिया। बताते चलें कि रविवार को कस्बे में ट्रस्ट के अस्पताल में जच्चा की मौत हो गई थी। जांच में अस्पताल से किसी भी तरह के कागजात नहीं मिलने पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया था। इन्होंने कहा..
चार दिन पूर्व कस्बे से लोगों के फोन आए थे। जिसमें बताया गया कि डाक्टर की लापरवाही से जच्चा की मौत हो गई है। मैने सीएमओ से मामले को देखने को कहा। जांच में चिकित्सक के दोषी पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। इस मामले से मेरा कोई लेना-देना नहीं है।
- प्रमोद उटवाल, विधायक, पुरकाजी विधानसभा