दीपावली..बाजार गुलजार, जमकर हुई खरीदारी
दीपावाली पर्व को लेकर बाजार गुलजार हैं। त्यौहार पर घरों को सजाने के लिए आर्टिफिशियल फूलों से बनी मालाओं और कैंडल ग्राहकों को लुभा रहे है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। दीपावली पर्व को लेकर बाजार गुलजार हैं। त्यौहार पर घरों को सजाने के लिए आर्टिफिशियल फूलों से बनी मालाओं और कैंडल ग्राहकों को लुभा रहे हैं। बाजारों में दीवाली गिफ्ट पैक के साथ मिठाइयों की भी जमकर खरीदारी कर दीपावली की खुशियां साझा की गई। पटाखों की दुकानों पर भी जमकर खरीदारी हुई। दीपावली के त्यौहार को खुशियों के साथ मनाने के लिए देर रात तक बाजार सतरंगी लाइटों से गुलजार रहे।
दीपावली पर्व को लेकर बाजारों में कई दिन पहले से रौनक दिखने लगी थी, लेकिन छोटी धनतेरस और दीपावली पर घरों में पूजन से लेकर घरों को सजाने के लिए बाजार पूरी तरह सज गए। बाजारों में घरों की सजावट के लिए आर्टिफिशल फूलों से बनी मालाएं अधिक पसंदीदा बनी। लोगों ने बाजारों में मुख्य गेट पर लगने वाली वॉल पट्टी से लेकर आकर्षक कैंडल आदि की खरीदारी की। इतना ही नहीं घड़ियों की दुकानों पर भी भीड़ रही। लकड़ी के फ्रेम में जड़ी दीवार घड़ियों को भी सजाया गया। वहीं मिठाइयों की दुकानों से लेकर गिफ्ट पैक की ओर भी लोगों को झुकाव रहा। दीपावली पर रिश्तेदारों, दोस्तों व अन्य परिचितों को मिठाई देकर लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दी। देर रात तक बाजारों में ग्राहकों की भीड़ रही।
पुलिस बल नदारद, लगा रहा जाम
दीपावली पर्व को लेकर बाजारों में ग्राहकों की अधिक भीड़ रही। इस कारण दिनभर भगत सिंह रोड, नई मंडी, शिव चौक आदि सड़कें पर जाम का झाम रहा। ग्राहकों के सड़कों पर होने के बाद भी पुलिस बल कम रहा। इस कारण बाजारों में दिनभर जाम के साथ लोगों ने अन्य परेशानियों का सामना किया।