जिला पंचायत सदस्य पर 601 व प्रधान पद पर 3,745 नामांकन
पंचायत चुनाव को पहले दिन कलक्ट्रेट समेत सभी ब्लाक कार्यालयों में भारी भीड़ रही। जिला पंचायत सदस्य पद पर 601 और प्रधानी पदों पर 3745 प्रत्याशियों ने दावेदारी की है जबकि बीडीसी पदों पर 3525 नामांकन हुए हैं। भाजपा और सपा समर्थित अधिकतर प्रत्याशी गुरुवार को नामांकन करेंगे। वार्ड 43 से बाला किन्नर ने भी नामांकन किया है।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। पंचायत चुनाव को पहले दिन कलक्ट्रेट समेत सभी ब्लाक कार्यालयों में भारी भीड़ रही। जिला पंचायत सदस्य पद पर 601 और प्रधानी पदों पर 3,745 प्रत्याशियों ने दावेदारी की है, जबकि बीडीसी पदों पर 3525 नामांकन हुए हैं। भाजपा और सपा समर्थित अधिकतर प्रत्याशी गुरुवार को नामांकन करेंगे। वार्ड 43 से बाला किन्नर ने भी नामांकन किया है।
बुधवार को सुबह आठ बजे से नामांकन हुआ। जिला पंचायत सदस्य के 43 वार्डो के नामांकन को कलक्ट्रेट में चार का काउंटर बनाए गए। सुबह 10 बजे तक नामांकन की रफ्तार धीमी रही। इसके बाद तेजी से नामांकन हुए। हालांकि पांच बजे तक नामांकन का समय था, लेकिन बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के लाइन में लगे होन के चलते शाम छह बजे तक भी नामांकन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। यही हाल ब्लाक कार्यालयों में रहा। वहां पर ग्राम पंचायत प्रधान व सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों पर नामांकन हुए। जिला पंचायत सदस्य पदों पर पहले दिन मुख्य रूप से रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी की धर्मपत्नी सविता राठी, वार्ड 10 से भाजपा नेता श्रीभगवान शर्मा, हरेंद्र शर्मा, हर्ष राठी, वार्ड 42 से प्रभात तोमर व मुमताज अली आदि ने नामांकन किया।
इसी क्रम में सदर ब्लाक कार्यालय पर नेशनल शूटर नेहा तोमर और उनकी माता रेनू तोमर ने ग्राम पंचायत मखियाली से प्रधान पद के लिए नामांकन किया। वहीं निवर्तमान ब्लाक प्रमुख अमित चौधरी ने बढ़ेड़ी गांव के वार्ड नौ से बीडीसी पद के लिए नामांकन किया।
एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार यादव ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य पदों पर पहले दिन 601 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। 498 ग्राम पंचायतों में प्रधान पदों पर 3,745 लोगों ने उम्मीदवारी जताई है। सदस्य पदों पर 1598 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों पर 3525 लोगों ने नामांकन-पत्र दाखिल किए हैं। गुरुवार को सुबह आठ बजे से नामांकन होगा। इसके बाद नामांकन-पत्रों की जांच होगी। राजनीति के अखाड़े में कूदे इंजीनियर
इंजीनियरिग करने वाले भी राजनीति के अखाड़े में आ खड़े हुए हैं। जिला पंचायत सदस्य पद पर वार्ड 40 से शिवांगी पंवार ने नामांकन किया है। शिवांनी बीटेक हैं। इंजीनियरिग के साथ राजनीति में भी करियर तलाश रही हैं। वार्ड 15 से नामांकन करने वाली जसप्रीत कौर भी इंजीनियरिग की छात्रा रही हैं। वहीं प्रधानी पदों पर भी ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट ने नामांकन किया है।