लॉटरी से बांटे 500 लोगों को कांशीराम आवास
जिला पंचायत सभागार में अंजाम दी गई प्रक्रिया। कलक्ट्रेट में भीड़ काबू करने में लगी रही पुलिस।
मुजफ्फरनगर : सदर ब्लॉक के खानजहांपुर गांव में बनाए गए कांशीराम आवासों का आवंटन लॉटरी के जरिए किया गया। लाभार्थियों के हुजूम को काबू करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लॉटरी के दौरान खूब गहमागहमी रही। आवास पाने वाले पात्रों को अफसरों ने मकानों की चॉबी सौंपी है। विधायक कपिलदेव ने कहा कि मकानों में पात्रों को विद्युत सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि वह मकानों में आराम से गुजर-बसर कर सकें।
वर्ष 2009 में बसपा सरकार ने सदर तहसील के खानजहांपुर गांव में कई बीघा भूमि अधिग्रहण करने के बाद कांशीराम आवास बनाए गए थे। उसके बाद बसपा सरकार चली गई, लेकिन तत्कालीन सपा सरकार ने इन आवासों को कोई तवज्जो नहीं दी। वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद मकानों में कार्य शुरू किया गया। एक साल से इनमें कार्य किया जा रहा था। मकान बनने के बाद शहर में पात्र लोगों से आवेदन मांगे गए। यहां पर 500 मकान बनाए गए हैं। इन मकानों के लिए 1600 लोगों ने आवेदन किया था, जिनकी सत्यता की जांच की गई। इसके बाद 963 आवेदक पात्र पाए मिले थे। शुक्रवार को मकानों के आवंटन के लिए लाभार्थियों को बुलाया गया था। इस दौरान 963 लोगों के बीच लॉटरी की प्रक्रिया अपनाई गई। एक बॉक्स में पर्ची डालकर मकानों का वितरण किया गया। शहर विधायक कपिल देव अग्रवाल, एमडीए सचिव एवं एडीएम न्यायिक सियाराम मौर्य, एडीएम प्रशासन अमित कुमार मौजूद रहे।