मनाही के बावजूद भीड़ लगाकर नमाज पढ़ते 20 धरे
पुरकाजी क्षेत्र में नमाज पढ़ने के लिए भीड़ इकट्ठा नहीं हो इसके लिए पुलिस ने न सिर्फ मस्जिदों को खंगाला बल्कि कई घरों को भी चेक किया। इस दौरान मनाही के बावजूद भीड़ के रूप में नमाज पढ़ते तकरीबन 20 लोगों को पुलिस ने धर दबोचा।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। पुरकाजी क्षेत्र में नमाज पढ़ने के लिए भीड़ इकट्ठा नहीं हो इसके लिए पुलिस ने न सिर्फ मस्जिदों को खंगाला, बल्कि कई घरों को भी चेक किया। इस दौरान मनाही के बावजूद भीड़ के रूप में नमाज पढ़ते तकरीबन 20 लोगों को पुलिस ने धर दबोचा।
लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए सरकार ने धार्मिक स्थलों को भी बंद रखने के आदेश कर रखे हैं। पिछले दो दिन से मुस्लिम समाज के जिम्मेदार तथा अफसर जुमे की नमाज घरों में पढ़ने के लिए कह रहे थे। शुक्रवार को पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार किया। प्रभारी निरीक्षक सुभाष गौतम ने फोर्स के साथ करीब छह-सात मस्जिदों को खंगाला। सभी मस्जिदों के मेन गेट पर ताले लगे हुए थे। गौतम के अनुसार, सूचना मिली थी कि कई मस्जिदों में पिछले गेट से नमाजी घुसे हैं। पुलिस मस्जिदों में अंदर गई तो वहां मौजूद लोग भाग गए। पुलिस ने बिलाल, जामा मस्जिद व खेड़ा दरवाजा की मस्जिदों से करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने नमाजियों के छोड़े गए जूते चप्पलों को कब्जे में लिया। करीब घंटाभर पुलिस एक मस्जिद से दूसरी मस्जिद की ओर दौड़ती रही। इस दौरान पुलिस ने शक के आधार पर कई मकानों को चेक किया। क्षेत्राधिकारी सदर कुलदीप सिंह थाने से ही पुलिस कार्रवाई की जानकारी लेकर जिले पर अफसरों को जानकारी देते रहे।