मुरादाबाद से आज रवाना होगी श्रमिक स्पेशल ट्रेन, प्रशासन करेगा खाने का इंतजाम Moradabad News
72 यात्रियों की व्यवस्था होगी एक कोच में 11 बजे सुबह बिहार के पूर्णिया रवाना होगी ट्रेन| 3 स्टेशनों दानापुर बरौनी और कटिहार में होगा स्टॉपेज|
मुरादाबाद, जेएनएन| रेलवे बोर्ड मुरादाबाद से पूर्णिया के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन शनिवार सुबह 11 बजे यानी आज चलाने जा रही है। यात्रियों के लिए कोच व बर्थ संख्या आवंटित कर सूची सौंप कर जिला प्रशासन से यात्रियों को लाने का अनुरोध किया गया है।
जिला प्रशासन ने रेलवे बोर्ड को 1606 प्रवासियों को बिहार के दानापुर, बरौनी, कटिहार और पूर्णिया भेजने के लिए पत्र भेजा था। बोर्ड ने शुक्रवार रात में ट्रेन चलाने की स्वीकृति दे दी है। यह ट्रेन शनिवार सुबह 11 बजे मुरादाबाद से चलेगी और रविवार सुबह 7.40 बजे पूर्णिया पहुंच जाएगी। दानापुर, बरौनी व कटिहार में यात्रियों को उतरने के लिए पांच से दस मिनट रोका जाएगा।
मंडल रेल प्रशासन ने जिला प्रशासन से मिली सूची के अनुसार श्रमिकों के लिए कोच व बर्थ संख्या आवंटित कर दी है। प्लेटफार्म पर यात्रियों को लाने और उनको सीट तक पहुंचाने की तैयारियां कर ली गई हैं। 22 कोच वाली ट्रेन में एक बोगी में 72 यात्री को सवार किया जाएगा। रेलवे किसी यात्री से कोई किराया नहीं लेगा। जिला प्रशासन किराया देगा।
चिकित्सकीय प्रमाणपत्र के बाद ही प्लेटफार्म पर मिलेेगी इंट्री
जिला प्रशासन को ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को चिकित्सकीय परीक्षण करना होगा, चिकित्सकीय प्रमाण पत्र के बाद ही यात्रियों को प्लेटफार्म पर आने की अनुमति दी जाएगी। जहां रेलवे के चिकित्सक भी जांच करेंगे।
जिला प्रशासन देगा भोजन के पैकेट
प्लेटफार्म पर यात्रियों के आने से पहले जिला प्रशासन यात्रियों को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराएगा। बीच रास्ते में रेलवे द्वारा यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
मंडल रेल प्रबंधक तरुण प्रकाश ने बताया कि रात में श्रमिक ट्रेन चलाने की अनुमति मिल गई है। रेल प्रशासन ने इसकी सभी तैयारी कर ली है।
छह स्थानों पर जुटेंगे मजदूर
जिला प्रशासन छह स्थानों पर श्रमिकों को करेगा एकत्रित
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया श्रमिक स्पेशल ट्रेन में भेजने वाले यात्रियों को शहर के छह स्थानों पर शनिवार सुबह एकत्रित करने के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम परीक्षण करेगी। हर स्थान के लिए मजिस्ट्रेट व चिकित्सक नामित किए गए हैैं। जांच के बाद यात्रियों को बसों से रेलवे स्टेशन पहुंचाया जाएगा। जिला प्रशासन आपदा प्रबंध के फंड से रेलवे को भुगतान कर टिकट यात्रियों को उपलब्ध कराएगा।