लॉकडाउन थ्री में उद्योगों में शुरू हुआ काम पर मुश्किलें बरकरार Moradabad News
मजदूरों की कमी कई तरह की गाइडलाइन उद्योगों को रफ्तार नहीं दे पा रही है। लॉकडाउन में उद्योग बुरी तरह से प्रभावित हुआ है और मजदूरों को परेशानी हो रही है।
मुरादाबाद,जेएनएन। लॉकडाउन थ्री में उद्योगों के संचालन शुरू हो गया, पर परेशानियां बरकरार हैं। मुरादाबाद के सभी उद्योगों की पहली परेशानी श्रमिकों की कम संख्या होने से है। वहीं निर्यातकों की समस्या अलग है। कच्चे माल से लेकर एक्सपोर्ट आइटम में लगने वाले सामान की उपलब्धता नहीं होने से काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। अधिकांश दस्तकार, कारखानेदार और कारीगर पुराने शहर में रहते हैं। कारखाने और भट्टियां भी हॉटस्पाट में हैं। जबकि एक्सपोर्ट फर्म में होने वाले काम का करीब 60 फीसद कार्य बाहर से ही कारखानों और दस्तकारों के यहां से होता है। शहर की भट्ठियां बंद होने के कारण एक्सपोर्ट आइटम के लिए धातु गलाकर उससे ढांचा नहीं बन पा रहा है। फिर फैक्ट्रियों से कच्चा माल बाहर जा पा रहा है और न ही अंदर। इस तरह की परेशानियों को देखते हुए मुरादाबाद कई प्रमुख निर्यातकों ने अपने यहां काम शुरू नहीं किया है। लघु उद्योग भारती के प्रदेश मंत्री अजय गुप्ता जिम्मी ने बताया कि जो हालात हैं, उसमें काम कर पाना मुश्किल है। जो आधा माल बना हुआ था, उसे पूरा कराकर आगे काम नहीं करा रहे हैं। वहीं यस के नेशनल चेयरमैन नीरज खन्ना का कहना है आधे लोगों को ही सही रोजगार तो मिल रहा है। हालांकि, काम धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है, समाधान निकाल रहे हैं, पर हॉटस्पाट के चलते वह भी सीमित है।