किसकी थी बाग में मिली अधजली लाश, एक माह बाद भी पुलिस को नहीं मिला कोई सुराग
हिंदू होने के कारण पुलिस ने तीन दिन तक किसी स्वजन के न आने पर अंतिम संस्कार कर दिया था। शहजादनगर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मलिक ने बताया कि अज्ञात शव के बारे में उपलब्ध जानकारी के साथ पंफलेट सभी थानों को भिजवा दिए हैं।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। रामपुर के शहजानगर नगर में थाना क्षेत्र में एक माह पहले मिले युवक के अधजले शव के राज से अभी तक पर्दा नहीं उठ सका है। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का हर संभव प्रयास कर लिया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। ऐसे में हत्या की गुत्थी नहीं सुलझ पा रही है।
शहजादनगर पुलिस को तुमड़िया गांव में 19 नवंबर को आम के बाग में बोरे में अधजली लाश मिली थी। लाश किसी युवक की थी। पुलिस ने इस मामले में तुमड़िया गांव की प्रधान के पति शाहजेब खां की ओर से हत्या का मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी। लेकिन, मृतक की पहचान न होने से पुलिस की जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है। जलने से युवक की शक्ल पहचान में नहीं आ रही थी। अब सिर्फ पहचान के नाम पर पुलिस के पास मृतक के शरीर पर पूरे बाह की कमीज, पीले रंग का लोअर, स्पोर्ट शूज और एक हाथ पर कलावा बंधा होने की ही जानकारी है। मृतक के हिंदू होने के कारण पुलिस ने तीन दिन तक किसी स्वजन के न आने पर अंतिम संस्कार कर दिया था। शहजादनगर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मलिक ने बताया कि अज्ञात शव के बारे में उपलब्ध जानकारी के साथ पंफलेट सभी थानों को भिजवा दिए हैं। आसपास के जिलों के थानों को भी सूचित कर दिया है। जहां से भी किसी गुमशुदा की जानकारी मिल रही है, वहां संपर्क कर रहे हैं। रोडवेज बसों के पीछे भी पंफलेट चस्पा किए गए हैं। इसके अलावा इंटरनेट मीडिया पर भी पंफलेट और मृतक की जानकारी शेयर कर दी गई है। मृतक की शिनाख्त की कोशिश जारी है।
11 माह पहले भी मिली थी उपलों में जली महिला की लाश : शहजादनगर थाना क्षेत्र में 19 जनवरी 2021 को भी मेघानगला गांव में जलते उपलों के बीच महिला की लाश मिली थी। उसकी हत्या कर हत्यारों ने उसे जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया था। उपलों से धुआं उठते देख ग्रामीण आ गए थे। आग बुझाने के दौरान वहां महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। हालांकि बाद में इस हत्याकांड से पर्दा उठ गया था। मृतका बरेली की थी। पति ने पहली पत्नी होते हुए उसके साथ दूसरी शादी की थी। बाद में उसकी हत्या कर दी थी।