रामपुर में प्रधान को गोली मारने वाला गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार
आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा और दो जिदा कारतूस बरामद हुए हैं।
रामपुर, जेएनएन। मिलक में स्कूल की बाउंड्री वॉल बनवा रहे ग्राम प्रधान को गोली मारकर घायल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा और दो कारतूस भी बरामद किए। घटना का मास्टरमाइंड पूर्व प्रधान पुत्र फरार है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस दबिशें दे रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ऐमी के ग्राम प्रधान सतीश नायक रविवार को स्कूल की बाउंड्री वाल का निर्माण करा रहे थे। रठौंडा निवासी विजय पंडित बाइक से उनके पास पहुंचा। लगभग एक घंटे बात करने के बाद उनके सिर में गोली मारकर फरार हो गया था। घायल प्रधान का बरेली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में सोमवार को प्रधान पक्ष की ओर से दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मंगलवार को रठौंडा निवासी विजय पंडित को हाईवे स्थित रौरा कला बाईपास मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर रठौंडा मेला परिसर में एक पेड़ के नीचे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए।कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने बताया कि ऐमी गांव में एक माह पूर्व गोली मारकर आईटीआई छात्र की हत्या कर दी गई थी। मृतक छात्र ज्ञानेंद्र उसका दोस्त था। वह अपने दोस्त की हत्या का जिम्मेदार ऐमी के प्रधान को मानता था। रठौंडा के पूर्व प्रधान का पुत्र भागीरथ गंगवार और विजय पंडित का घर एक-दूसरे से सटे हैं। दोनों ही मृतक ज्ञानेंद्र के घनिष्ठ मित्र थे। रविवार को भागीरथ गंगवार ने विजय पंडित को शराब पिलाकर उकसाते हुए कहा कि हमारे दोस्त को ऐमी के प्रधान सतीश नायक ने मरवाया है। तुम बदला लोगे या फिर मैं लूं। उसके उकसाने पर तय हुआ कि विजय पंडित प्रधान को गोली मारेगा और घटना अंजाम देने के बाद भागीरथ उसे अपनी बाइक से रामपुर छोड़कर आएगा। लेकिन प्रधान को गोली मारने के बाद वह नहर के कच्चे रास्ते पैदल-पैदल बिलासपुर मार्ग स्थित सिमरा मोड़ पहुंचा। वहां से किराए पर ई-रिक्शा करके पटवाई स्थित अपनी मौसी के घर गया। उधर भागीरथ ने विकास पंडित के छोटे भाई को अपने वाहन से उसकी मौसी के घर छोड़ा। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर विजय पंडित को हाइवे स्थित रौरा कला मोड़ पर गिरफ्तार किया गया।
एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
प्रधान को गोली मारने के आरोपित विजय पंडित पर जान से मारने की कोशिश के साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। घायल ग्राम प्रधान की मां रामवती देवी ने पुलिस को तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने स्वयं को अनुसूचित जाति का बताया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ दीं। सीओ धर्म सिंह मार्शल ने बताया कि, गोली मारने से सनसनी फैलाने, हत्या की कोशिश आदि की धाराएं दोनों आरोपितों के खिलाफ दर्ज की गई है। गोलीकांड का मास्टर माइंड भागीरथ गंगवार फरार चल रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ज्ञानेंद्र हत्याकांड निकला गोलीकांड की प्रमुख वजह
ऐमी गांव निवासी आइटीआई छात्र ज्ञानेंद्र गंगवार की नौ जून की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसकी हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए गांव के पूर्व प्रधान गुलजारी लाल और उसके भतीजे को हत्यारोपी बताते हुए जेल भेज दिया था। मृतक ज्ञानेंद्र गंगवार के भागीरथ गंगवार और विजय पंडित घनिष्ठ मित्र थे। पुलिस पूछताछ में विजय पंडित ने कबूल किया कि उसके दोस्त ज्ञानेंद्र की हत्या के लिए वह और भागीरथ गंगवार ग्राम प्रधान सतीश नायक को जिम्मेदार मानते हैं। रविवार को घटना से पूर्व भागीरथ ने विजय पंडित को शराब पिलाकर उकसाया इसके बाद उसने घटना को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि गोलीकांड की साजिश रचने वाला भागीरथ गंगवार अभी फरार है, जिसे शीघ्र पकड़ा जाएगा।