अमरोहा में मनरेगा कार्यों में लापरवाही पर पांच एपीओ को वेतन रोकने की चेतावनी
अमरोहा में मनरेगा योजना के कार्यों में लापरवाही बरतने पर जनपद के पांच एपीओ (सहायक परियोजना अधिकारी) को वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है। अगर वह जुलाई माह में कामों को पूरा नहीं कराते हैं तो उनके खिलाफ यह कार्रवाई की जाएगी।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। अमरोहा में मनरेगा योजना के कार्यों में लापरवाही बरतने पर जनपद के पांच एपीओ (सहायक परियोजना अधिकारी) को वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है। अगर वह जुलाई माह में कामों को पूरा नहीं कराते हैं तो उनके खिलाफ यह कार्रवाई की जाएगी। नोटिस जारी कर उनको इसके बारे में चेताया गया है।
जनपद में मनरेगा योजना के तहत तेजी के साथ काम कराए जा रहे हैं। जिसमें पांच सहायक परियोजना अधिकारियों द्वारा कार्यों को अधूरा छोड़ दिया गया है। धनराशि का भुगतान नहीं किया गया है। बार-बार चेताने के बाद भी उनके द्वारा कामों के प्रति कोई तेजी नहीं दिखाई गई। इस मामले को मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ल ने बेहद गंभीरता से लिया है। उनके द्वारा अमरोहा, गजरौला, मंडी धनौरा, जोया व हसनपुर ब्लाक के एपीओ को नोटिस जारी किया गया है। इसमें उन्होंने चेताया है कि जुलाई माह तक अगर पुराने कामों का भुगतान और उनको पूर्ण नहीं किया जाता है तो उनके वेतन आहरण पर रोक लगा दी जाएगी। कार्य क्यों नहीं किए जा रहे हैं, इसका जवाब उपलब्ध कराएं।