हाईवे के काम में लगा है वाहन, डीजल भर दो पेमेंट हो जाएगा, अमरोहा में इस तरह लगाया लाखों का चूना
अमरोहा में वाहन में डीजल भरवा कर पैसे न देने वालों का गिरोह सक्रिय है। पुलिस ने इस मामले में कई संदिग्ध पकड़े हैं। उनसे पूछताछ जारी है।
अमरोहा। जिले में फर्जी कान्ट्रेक्टर बन पेट्रोल पंप से उधार डीजल खरीदने वाले गैंग के कई संदिग्ध सदस्य पुलिस ने पकड़े हैं। भारी मात्रा में डीजल भी बरामद किया है। देर रात तक पुलिस दबिश दे रही थी।
यह मामला रजबपुर थाना क्षेत्र का है। दरअसल रविवार को पुलिस के लिए सूचना मिली कि जिले में कुछ व्यक्ति फर्जी कांन्ट्रेक्टर बनकर घूम रहे हैं। वह हाईवे पर होने वाले चौड़ीकरण के काम में अपना ठेका बताते हैं। भरोसा जताने के लिए कई पेट्रोल पंप पर वह पहले तो नकद डीजल खरीदते हैं। तथा बाद में उधार खरीदारी करते हैंं। अब तक कई पंप से वह 16 लाख से अधिक का डीजल उधार ले चुके हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने छापा मारी की। इसमें सफलता भी मिली। इस गैंग से जुड़े कई संदिग्ध हाथ आ गए और डीजल के कुछ ड्रम भी बरामद हुए। तीन मुख्य आरोपित फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। इस बारे में थाना पुलिस द्वारा स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
इस तरह देते थे धोखा
पहले कई बार वाहन लेकर पंप पर जाते थे। नकद डीजल भरवाते थे। पंप कर्मियों को बातों-बातें में यह बता देते थे कि उनका वाहन हाईवे निर्माण कार्य में लगा है। तेल आदि के पैसे उन्हें सरकारी नियमों के हिसाब से मिलता है। उनके कई बार इस तरह आने और डीजल भरवाकर जाने से कर्मियों का विश्वास पुख्ता हो जाता था। ऐसे में कई बार वे पंप पर इसी बहाने से उधार के डीजल भरवा लेते और जल्द ही पेमेंट होने की बात कहते।