मुरादाबाद में तालाब पर कब्जे को लेकर हंगामा, पुलिस ने खदेड़ा
हंगामा होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। निर्माण कार्य रोकते हुए पुलिस ने आरोपितों को वहां से खदेड़ दिया। अवैध निर्माण की शिकायत एसडीएम सदर से की गई। मामले की जांच की जा रही है।
मुरादाबाद। जिले के अगवानपुर इलाके के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार को एक तालाब पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने निर्माण कार्य में जुटे लोगों को मौके से खदेड़ दिया।
अगवानपुर स्टेशन रोड पर तालाब है। अगवानपुर निवासी साधू सिंह,मोहन सिंह, विरेन्द्र सिंह आदि तालाब में सिंघाड़े लगाते हैं। देर रात कुछ लोगों ने तालाब पर मिट्टी डालकर दीवार निर्माण शुरू करा दिया। सुबह भी तालाब की भूमि पर निर्माण कार्य चल रहा था। इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य का विरोध किया। मौके पर हंगामा होने की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। निर्माण कार्य रोकते हुए पुलिस ने आरोपितों को वहां से खदेड़ दिया। अवैध निर्माण की शिकायत एसडीएम सदर से की गई। इस बावत चौकी प्रभारी गोपाल सिंह ने बताया कि भूमि पर अवैध कब्जा करने की शिकायत मिली थी। निर्माण कार्य बंद करा दिया गया है। प्रशासनिक अफसरों के आदेश बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने की अनुमति दी जाएगी।