प्रसव के तीसरे दिन महिला की मौत, अस्पताल पर हंगामा
प्रसव के तीसरे दिन महिला की मौत अस्पताल पर हंगामा।
मुरादाबाद, जेएनएन। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उपचार के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप मढ़े। हालांकि प्रकरण में पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी।
भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम काफियाबाद निवासी सतपाल सिंह पेशे से मजदूर है। उसकी पत्नी निर्मला देवी चौथी बार मां बनने वाली थी। तब परिजनों ने उसे तीन जून को कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसी दिन शाम चार बजे आपरेशन के जरिए महिला चौथी बार मां बनी। परिजनों के मुताबिक महिला खून की कमी से जूझ रही थी। इसको लेकर अस्पताल प्रबंधन व चिकित्सकों ने लापरवाही बरती। नतीजतन शुक्रवार शाम करीब चार बजे निर्मला देवी ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिजन सन्न रह गए। उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा कर दिया। परिजनों के तेवर तीखे देख अस्पताल कर्मी भाग खड़े हुए। हंगामा व अफरा-तफरी की खबर पाते ही आशियाना चौकी प्रभारी अर्जुन त्यागी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से बातचीत की। तब जाकर हंगामा खत्म हुआ। इस बावत सिविल लाइंस थाना प्रभारी नवल मारवाहा ने कहा कि फिलहाल प्रकरण में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।