स्वास्थ्य सेवाओं को किया जाएगा बेहतर : मंडलायुक्त
मुरादाबाद: मंडलायुक्त के रिक्त पद पर बुधवार देर शाम वरिष्ठ आइएएस अफसर राजेश कुमार सिंह ने क
मुरादाबाद:
मंडलायुक्त के रिक्त पद पर बुधवार देर शाम वरिष्ठ आइएएस अफसर राजेश कुमार सिंह ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। 1991 बैच के आइएएस राजेश कुमार सिंह पांच वर्ष की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस आएं हैं। इससे पहले वह भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात थे। वह सूबे के मेरठ, बलिया, ऊधमसिंह नगर के साथ ही अलीगढ़ और हाथरस दोनों जनपदों के जिलाधिकारी रह चुके हैं। उत्तर प्रदेश शासन के विभिन्न विभागों में विशेष सचिव व सचिव पद पर तैनात रहे हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कागजों में दर्ज काम को जमीन पर उतारने के लिए मेहनत और लगन से काम किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए अफसरों को लक्ष्य सौंपा जाएगा। मंडल के प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बोलने से ज्यादा काम करने पर मुझे भरोसा है। कानून व्यवस्था बेहतर रहे और शांतिप्रिय माहौल मंडल में बना रहे इसके लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंडलायुक्त से औपचारिक भेंट करने के लिए जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह,अपर आयुक्त सतीश कुमार,एसबी तिवारी,नगर आयुक्त अवनीश कुमार शर्मा,एडीएम वित्त हिमांशु गौतम,डीआइजी ओंकार सिंह के साथ सभी जनपदों में डीएम और एसएसपी पहुंचे।