गोविंद नगर फुट ओवर ब्रिज का आज शिलान्यास
गोविंद नगर के लोगों के मन की मुराद 33 साल बाद पूरी होने जा रही है।
मुरादाबाद : गोविंद नगर के लोगों के मन की मुराद 33 साल बाद पूरी होने जा रही है। शनिवार को गोविंद नगर रेल लाइन के उपर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का शिलान्यास होगा। इसकी तैयारी रेलवे ने कर ली है।
महानगर के गोविंद नगर में बड़ी आबादी रहती है। गोविंद नगर वासियों को शहर आने-जाने के लिए रेल लाइन पार करनी पड़ती है। कई बार रेलवे लाइन क्रास करते समय हादसे भी हुए। गोविंद नगर के लोग वर्ष 1985 से ओवर ब्रिज, अंडर पास आदि बनाने की मांग करते आ रहे थे। पूर्व में कई सांसदों ने यहां अंडर पास व ओवर ब्रिज बनाने का भी आश्वासन दिया था। राज्य सरकार बजट उपलब्ध कराने पर रेलवे ओवर ब्रिज-अंडर पास या फुट ओवरब्रिज बनाने को तैयार था, लेकिन बजट उपलब्ध कराने को तैयार नहीं था। वर्तमान सांसद ने गोविंद नगर एफओबी बनाने के लिए आगे आए। नगर निगम फंड देने को तैयार हो गया, लेकिन एफओबी बनाने के लिए जमीन की समस्या हो गई। सांसद के हस्तक्षेप के बाद रेलवे बोर्ड ने नगर निगम और रेलवे के बीच जमीन बदलने की स्वीकृत दे दी। रेलवे प्रशासन ने नगर निगम प्रशासन की सहमति पर एफओबी का नक्शा तैयार कराया है जिसमें पैदल चलने व दो पहिया वाहन ले जाने की सुविधा होगी। इसके निर्माण पर 6.38 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निगम प्रशासन ने प्रथम किस्त में 1.38 करोड़ रुपये रेलवे को दिया है। शेष राशि दो किस्तों में देंगे। रेल प्रशासन ने भी दिसंबर तक एफओबी तैयार करने की तैयारी शुरू कर दी है। एफओबी का ढांचा भी मुरादाबाद में तैयार कराया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक अजय कुमार सिंघल ने बताया कि शनिवार को गोविंद नगर अंडर पास का शिलान्यास किया जाएगा। समारोह में महापौर विनोद अग्रवाल, सांसद सर्वेश सिंह, पंचायती राज्य मंत्री, नगर विधायक को आमंत्रित किया गया है।
एफओबी का ये है नक्शा
- रेल लाइन के उपर 45.37 मीटर को होगा निर्माण
- पुल की चौड़ाई: 3.6 मीटर
- उतरने व चढ़ने का रैम्प 129.20 मीटर
- लागत 6.38 करोड़ रुपये
- नगर निगम ने प्रथम किश्त 1.38 करोड़ रुपये दिए