आजम खां के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा के आकाश सक्सेना आचार संहिता उल्लंघन में फंसे, मुकदमा दर्ज
UP Vidhan Sabha Election 2022 आचार संहिता उल्लंघन मामले में भाजपा के एक और प्रत्याशी फंस गए हैं। पुलिस ने तीन दिन पहले राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अब शहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे आकाश सक्सेना के खिलाफ मुकदमा कराया है।
रामपुर, जेएनएन। UP Vidhan Sabha Election 2022 : आचार संहिता उल्लंघन के मामले में भाजपा के एक और प्रत्याशी फंस गए हैं। पुलिस ने तीन दिन पहले राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अब शहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे आकाश सक्सेना के खिलाफ मुकदमा कराया है। पटवाई थाने के दारोगा रविंद्र कुमार ने रिपोर्ट कराई है कि आकाश सक्सेना घनश्यामपुर गांव में मृदुल सक्सेना के घर पर भीड़ के साथ मीटिंग कर रहे थे।
कोविड गाइडलाइन का भी अनुपालन नहीं किया जा रहा था। न तो किसी व्यक्ति ने मास्क लगाया था और न ही शारीरिक दूरी बनाए रखी थी। बिना अनुमति के ही सभा की जा रही थी। उनके साथ में 16 गाड़ी थीं। दारोगा ने आचार संहिता उल्लंघन के साथ ही महामारी अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आकाश सक्सेना और मृदुल सक्सेना को नामजद करते हुए 80 अन्य लोगों का उल्लेख किया है। आकाश सक्सेना रामपुर नगर सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। इसी सीट पर समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खां उम्मीदवार हैं, जबकि कांग्रेस ने नवाब खानदान के नवेद मियां को प्रत्याशी बनाया है।