UP Board Result 2020 : मोटर मैकेनिक का बेटा बना टॉपर, खुद बताया कैसे लिखी कामयाबी की इबारत
UP Board Result 2020 विकट हालात में भी लक्ष्य का पीछा नहीं छोड़ने वाला ही हीरो होता है।मोटर मैकेनिक के टॉपर बेटे का जज्बा आपको भी बहुत कुछ सिखा देगा।
मुरादाबाद। उप्र बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में चित्रगुप्त इंटर कालेज के छात्र गौरव ने चौथा स्थान प्राप्त किया। ग्रुप डिशक्शन से प्रदेश में चौथा स्थान पाने वाले गौरव को गणित विषय में विशेष रुचि है और शिक्षक बनना चाहते हैं।
जिगर कालोनी निवासी मोटर मैकेनिक हरिशंकर के सबसे छोटे बेटे गौरव दोपहर 12 बजे परिणाम देखा तो 569 अंक प्राप्त करके 94.8 फीसद में उत्तीर्ण होने पर परिवार में खुशी छा गई। प्रधानाचार्य वीर सिंह ने उन्हें जानकारी दी कि वह प्रदेश की टॉप टेन सूची में चौथे नंबर पर हैं। जिसके बाद वह पिता हरिशंकर के साथ स्कूल पहुंचे। बातचीत में गौरव ने कहा कि ग्रुप डिस्कशन से पढ़ाई को आगे बढ़ाया। बोर्ड परीक्षा में 26 बच्चों के ग्रुप के अलावा वह घर पर भी अपने साथियों के साथ ग्रुप बनाकर पढ़ाई की। बोले, 12वी में भी प्रदेश की टाप-10 सूची में जगह बनाऊं, यही लक्ष्य है। उन्हें डिस्कवरी चैनल देखना पसंद करते हैं, जिससे साइंस से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल होती हैं। खेलों में विशेष रुचि नहीं है लेकिन खाली वक्त में इंडोर गेम में कैरम, लूडो व चैस खेलता है। जूनियर छात्रों से भी ग्रुप डिक्शन से पढ़ाई का संदेश दिया।
गौरव ने परिणाम आने पर एक दिन बाद मनाया जन्मदिन, मां ने की पूजा
उत्तीर्ण होने के बाद ही गौरव ने अपना जन्मदिन मनाया जबकि गौरव का जन्मदिन परिणाम आने से एक दिन पहले 26 जून को था। गौरव के पिता हरि शंकर व मां रेखा बेटे के सफलता पर फूले नहीं समा रहे। हरिशंकर ने कहा कि सभी ने 26 जून को जन्मदिन मनाने की तैयारी कर ली थी। लेकिन गौरव ने इन्कार कर दिया। मां रेखा कहती हैं कि बेटा हमेशा होनहार रहा है। उन्होंने बेटे के साथ घर के मंदिर में पूजा की।