शासन के पाले में विश्वविद्यालय की गेंद, आखिर किस वजह से मांगा सीएम ने प्रस्तावMoradabad News
जिलाधिकारी ने मुरादाबाद में विश्वविद्यालय निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रस्ताव के मुताबिक राजकीय पॉलीटेक्निक की 20.9 एकड़ भूमि पर बनेगा विश्वविद्यालय।
जेएनएन : मंडल मुख्यालय पर विश्वविद्यालय निर्माण की गेंद अब शासन के पाले में पहुंच गई है। विश्वविद्यालय निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मांगा गया प्रस्ताव जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने शासन को भेज दिया। प्रशासन जल्द ही सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का प्रस्ताव भी शासन को भेजने की तैयारी में है।
लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर और राजस्व विभाग की टीम द्वारा विश्वविद्यालय निर्माण के लिए जमीन के सर्वे का कार्य किया गया था। एसडीएम सदर श्रद्धा शांडिल्य द्वारा जिलाधिकारी को भेजी गई सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, राजकीय पॉलीटेक्निक की 20.9 एकड़ भूमि पर विश्वविद्यालय का निर्माण होगा। 20.9 एकड़ भूमि पर विश्वविद्यालय निर्माण के बाद भी राजकीय पॉलीटेक्निक में करीब पौने बीस एकड़ भूमि खाली रहेगी। मंगलवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मुरादाबाद में विश्वविद्यालय निर्माण के लिए चयनित भूमि का प्रस्ताव शासन को भेज दिया।
महज 15 दिनों में तैयार हुआ प्रस्ताव
विश्वविद्यालय निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू हुई थी। 24 नवंबर को मुख्यमंत्री महानगर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के महानगर पहुंचने पर शहर विधायक रितेश गुप्ता ने विश्वविद्यालय निर्माण की मांग की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को जमीन का सर्वे कर पूरा प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी की सक्रियता के चलते 15 दिन में ही विश्वविद्यालय का प्रस्ताव न सिर्फ तैयार हुआ, शासन को पहुंच भी गया।
प्रदेश का इकलौता मंडल मुख्यालय जहां नहीं है विश्वविद्यालय
मुरादाबाद मंडल प्रदेश का इकलौता ऐसा मंडल मुख्यालय है जहां पर विश्वद्यिालय नहीं है। इसके चलते हजारों विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी छोटे से छोटे काम के लिए रुहेलखंड विश्वद्यिालय, बरेली के चक्कर लगाने पड़ते हैं। अब तक विश्वविद्यालय निर्माण की राह में जमीन का उपलब्ध न होना रोड़ा बन रहा था। अब जमीन की उपलब्धता और प्रस्ताव तैयार होने के बाद विश्वविद्यालय निर्माण की उम्मीदें परवान चढ़ती जा रही हैं। उम्मीद है जल्द ही मंडलवासियों को खुशखबरी मिलेगी।
विश्वविद्यालय निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। एक दो दिन के भीतर सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का भी प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा।
- राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी।