मुरादाबाद में ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, रामपुर की दो सगों बहनों की मौत, एक की हालत गंभीर
Moradabad truck-bike collision death सड़क हादसे में रामपुर की सगी दो बहनों की दर्दनाक मौत। दलपतपुर-डूंगरपुर मार्ग पर बाइक सवार बहनों को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही सगी बहनों ने तोड़ा दम।
मुरादाबाद, जेएनएन। रामपुर की रहने वाली सगी दो बहनें गुरुवार को सड़क हादसे की भेंट चढ़ गई। दुर्घटना में घायल बाइक सवार एक युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। उसकी भी हालत नाजुक बताई जा रही है। मृत बहनों के दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आज शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र में सहसपुरा गांव के रहने वाले राजकुमार की पत्नी सोनिया बीते कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। गुरुवार को दंपती बाइक पर सवार होकर मुरादाबाद पहुंचे। उनके साथ राजकुमार की बड़ी साली मुनेश भी बाइक पर सवार थी। मुरादाबाद में सोनिया का उपचार कराया गया। चिकित्सकों की सलाह पर दंपती घर लौट रहे थे। बाइक सवार दंपती व राजकुमार की साली मुनेश भगतपुर थाना क्षेत्र में दलपतपुर-डूंगरपुर मार्ग पर मजरा बेरखेड़ा गांव के सामने पहुंचे थे। तभी दलपतपुर की ओर से आ रहे अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। इससे सोनिया व उसकी बड़ी बहन मुनेश को गंभीर चोटें आईं। भगतपुर पुलिस कुछ ही देर में मौके पर आ गई। दोनों घायलों व बाइक चला रहे राजकुमार को एंबुलेंस में जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही सगी बहनों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि राजकुमार का उपचार जारी है। भगतपुर पुलिस ने सगी बहनों का शव कब्जे में ले लिया। शव मोर्चरी में रखा गया है। सगी बहनों की एक साथ मौत से स्वजनों में कोहराम मचा है। स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है।