दो दिन से नहीं उठ रहा था फोन, बेटी ने रिश्तेदार को घर भेजा तो दहल गया दिल
सम्भल जिले के चन्दौसी में लूट के बाद महिला, उसके देवर और नौकरानी की हत्या कर दी गई।
मुरादाबाद । सम्भल जिले के चन्दौसी में लूट के बाद महिला, उसके देवर और नौकरानी की हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना को लेकर शनिवार को पुलिस जांच-पड़ताल करने में जुटी रही। घरों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। पुलिस कई बिंदुओं पर काम कर रही है। वहीं वारदात के बाद आसपास के लोग भी खौफजदा हैं।
यह है पूरा मामला
जनपद बुलंदशहर के महमूदपुर निवासी स्व. इंस्पेक्टर सत्यपाल की पत्नी संतोष (60) कई साल से चन्दौसी में रह रहीं थीं। एक साल पहले संतोष ने नगर के मुहल्ला तेग बहादुर कालोनी में मकान बनवाया था। संतोष अपने देवर केसर (55) और नौकरानी के साथ नए मकान में एक माह पहले ही शिफ्ट हुई थी। संतोष सिंह का बेटा भी सब इंस्पेक्टर था और उसकी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। बेटी रश्मि व रचना की शादी हो चुकी है।
घर का दरवाजा खोला तो पड़े थे तीनों के शव
बड़ी बेटी दो दिन से मां को फोन कर रही थी, लेकिन रिसीव नहीं हो रहा था। ऐसे में रश्मि ने शुक्रवार की रात आठ बजे रिश्तेदार अनुराग को फोन करके घर भेजा। अनुराग जैसे ही घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए। संतोष, केसर और नौकरानी के शव पड़े थे। आसपास खून फैला था। यह देख उसने आसपास के लोगों को बुलाया। पुलिस को जानकारी दी। एसपी यमुना प्रसाद, एएसपी पंकज कुमार पांडेय, सीओ सुदेश कुमार कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
तोड़े गए थे आलमारियों के ताले
तीन अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस को मौके से एक हथौड़ा भी मिला। तीनों की हत्या गला रेतकर और हथौड़े से सिर पर वार करके की गई थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लूट कितने रुपये की हुई है, अभी यह जानकारी नहीं हो सकी है। एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि हत्या क्यों की गई है? इसकी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।