अमरोहा के ब्रजघाट क्षेत्र में मछली पकड़ते समय गंगा नदी में डूबे तीन लोग, एक की मौत
अमरोहा के गजरौला के गांव कबीरपुर में गंगा में मछली पकड़ते समय तीन लोग डूब गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो लोगों को बचा लिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। अमरोहा के गजरौला के गांव कबीरपुर में गंगा में मछली पकड़ते समय तीन लोग डूब गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो लोगों को बचा लिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं घटना के बाद से परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है।
नगर के मुहल्ला नाईपुरा निवासी 45 वर्षीय इमामुद्दीन मुहल्ले के ही जावेद व शमशाद के साथ शनिवार की सुबह ब्रजघाट पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित गांव कबीरपुर के सामने गंगा में मछली पकड़ने के लिए गया था। यहां पर मछली पकड़ने के दौरान तीनों लोग गंगा में डूब गए। शोर-शराबा होने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने जावेद व शमशाद को बचा लिया लेकिन इमामुद्दीन गंगा में डूब गया। कुछ देर बाद इमामुद्दीन के शव को बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में ले लिया। ब्रजघाट पुलिस चौकी प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम भेजने की तैयारी चल रही है।
मजदूर पर बंदर ने किया हमला : अमरोहा के हसनपुर तहसील क्षेत्र के फूलपुर बीझलपुर गांव में आम के बाग की रखवाली करने वाले 60 वर्षीय मजदूर पर बंदरों ने हमला कर दिया। बंदरों ने मजदूर पर हमला करने के दौरान दोनों कान काट लिए। जिससे मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गांव निवासी गोकल सिंह अपने गांव में ही एक किसान के आम के बाग की रखवाली करते हैं। दोपहर 12 बजे वह गांव के नजदीक पानी पीने हैंडपंप पर आए थे। यहां उन पर बंदरों ने हमला करते हुए कान काटने के साथ ही सीना फाड़ कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। गोकल अविवाहित हैं वह अपने भाई चंद्रपाल सिंह व डोरी के साथ रहते हैं। चिकित्सा अधीक्षक डाॅ अमित कुमार भरू ने बताया कि बंदरों के हमले से जख्मी मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।