रामपुर में टेलर मास्टर के बंद मकान से पांच लाख का माल समेट ले गए चोर
गंज कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने बंद मकान से नकदी और जेवर समेत पांच लाख का माल समेट लिया। पुलिस को घटना की तहरीर दे दी है। चोरी की वारदात मुहल्ला ठोठर में मुहम्मद शकील के घर हुई। वह दुबई में नौकरी करते हैं।
रामपुर, जेएनएन। गंज कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने बंद मकान से नकदी और जेवर समेत पांच लाख का माल समेट लिया। पुलिस को घटना की तहरीर दे दी है।
चोरी की वारदात मुहल्ला ठोठर में मुहम्मद शकील के घर हुई। वह दुबई में नौकरी करते हैं। यहां उनकी पत्नी फरजादा अपने दो बेटों शाहनवाज और जिशान के साथ रहती हैं। बड़े बेटे शाहनवाज की टेलरिंग की दुकान हैै, जबकि जिशान आरा मशीन पर मुंशी हैं। शनिवार शाम दोनों भाई अपने-अपने काम पर गए हुए थे। मां भी मुहल्ला घेर कलंदर खां अपने मायके चली गईं। इस दौरान बंद घर में चोर घुस गए। चोरों ने ताले तोड़कर नकदी और जेवर समेट लिया। रात नौ बजे दुकान बंद कर शाहनवाज घर आए तो चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने पहले मुहल्ले में रहने वाले अपने चाचा को जानकारी दी। बाद में मां और भाई काे भी बुला लिया। पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस ने वहां पहुंचकर घटना की जानकारी की। गृह स्वामी के बहनोई मुहम्मद जावेद ने बताया कि चोर करीब 10 तौले सोने के जेवर और 30 हजार रुपये ले गए हैं। पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस छानबीन कर रही है। रात में भी पुलिस आई थी और अगले दिन सुबह भी पुलिस ने मौका मुआयना किया। गंज कोतवाली प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। चोरी का जल्द पर्दाफाश करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।