ट्रांसफार्मर के तार जोड़ रहा था युवक, करंट से मौत Amroha News
छोटी सी लापरवाही से अमरोहा के गजरौला में एक युवक की जान चली गई। करंट से झुलसे युवक को लेकर लोग अस्तपाल जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
अमरोहा। गजरौला के गांव मोहम्मदपुर में ट्रांसफार्मर का तार जोड़ रहे एक युवक को करंट लग गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। शोर सुनकर मौके पर लोग पहुंच गए। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
यह है पूरा मामला
गांव निवासी कृष्ण कुमार का 20 वर्षीय पुत्र चमन शनिवार की सुबह करीब 10:30 बजे गांव के ट्रांसफार्मर पर टूटे पड़े बिजली के तार जोड़ रहा था। तार जोड़ते समय अचानक से उसका हाथ नंगे तार से छू गया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया। आसपास के लोगों ने देखकर शोर मचा दिया। इससे लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी होने पर परिजन भी दौड़ पड़े। आनन-फानन में उसे सीएचसी लेकर जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। यहां पर चिकित्सा प्रभारी डॉ योगेंद्र सिंह ने चमन को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनकर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
छह माह पूर्व की हुई थी शादी
छह माह पूर्व ही चमन की शादी हुई थी। शादी के बाद परिवार में नई खुशियां आ गईं थी लेकिन किसी को क्या पता था कि कुछ ही दिनों में ये खुशियां काफूर हो गईं। पति की मौत के बाद पत्नी ममता का रो-रोकर बुरा हाल है।