घर से रसोई गैस सिलेंडर चुराकर भागा था युवक, अस्पताल के पीछे मिला शव, परिवार बोला-हत्या हुई है
स्वजन ने बताया कि मृतक नशे का आदी था। दो दिन पहले घर से रसोई गैस का सिलेंडर चोरी करके भाग गया था। इसके बाद से वह घर लौटकर नहीं आया था। स्वजन की हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक कर रही है।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। रामगंगा विहार में गैलेक्सी अस्पताल के पीछे एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक के सिर में चोट लगी थी। मामले की जानकारी होने पर पहुंचे स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रवीन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक युवक नशे का आदी था। ऐसे में आशंका है कि नशे की हालत में गिरने के बाद सिर पर चोट लगी हो।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार में गैलेक्सी अस्पताल है। सुबह छह बजे जब स्थानीय लोग मार्निंग वाक के लिए निकले तो उन्हें सड़क के किनारे एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना प्रभारी के साथ ही एएसपी सागर जैन मौके पर पहुंचे। अफसरों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद फारेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र करने की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त गौरव पुत्र सतवीर निवासी हरथला सब्जी मंडी थाना सिविल लाइंस के रूप में की गई। स्वजन ने बताया कि मृतक नशे का आदी था। दो दिन पहले घर से रसोई गैस का सिलेंडर चोरी करके भाग गया था। इसके बाद से वह घर लौटकर नहीं आया था। स्वजन की हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक कर रही है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रवीन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।