मुरादाबाद की महिला ने पीलीभीत में तैनात पुलिस कर्मी के खिलाफ खोला मोर्चा, कहा-पति दहेज के लिए करता है उत्पीड़न
Police personnel accused of harassment मुरादाबाद की महिला ने अपनी पुलिस कर्मी पति पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस कर्मी इस समय पीलीभीत में तैनात है। एसएसपी ने मामले में कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। Police personnel accused of harassment। जिले की रहने वाली एक महिला ने अपने कांस्टेबल पति के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैंं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में फकीरपुरा की रहने वाली राखी ने सोमवार को एसएसपी को तहरीर देकर बताया कि उसे जानमाल की धमकी दी जा रही है। पीड़िता के गंभीर आरोपों के आधार पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के आदेश दे दिए। पीड़िता के मुताबिक उसका विवाह वर्ष 2011 में राजदीप सिंह के साथ हुआ था। उसका पति पुलिस कर्मी है। राजदीप की तैनाती फिलहाल पीलीभीत जिले में है। सिपाही पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी है। कई बार समझाने पर भी वह सुधरने को तैयार नहीं था, मायके वालों के समझाने पर भी उसने बात नहीं मानी। इसके बाद पति के बर्ताव से तंग आकर डेढ़ साल पहले वह मायके चली आई। इसके बाद पति के खिलाफ उसने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। तभी से आरोपित पति उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। इसे लेकर वह परेशान रहने लगी है। उसके इस पारिवारिक झगड़े की वजह से मायके के लोग भी चिंंतित हैं। तहरीर के आधार पर एसएसपी ने आरोपित सिपाही राजदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश सिविल लाइन पुलिस को दे दिए हैंं। इस बारे में थाना प्रभारी दरवेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।