विवाद के बाद अलग कमरे में सोए थे पति-पत्नी, सुबह पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला तो मच गई चीख-पुकार
बदलते परिवेश में लोगों की सहनशीलता कम होती जा रही है। इसकी वजह से लोग बात-बात पर जान देने पर आमादा रहते हैं। मुरादाबाद मंडल में दो लोगों ने जान दे दी।
रामपुर। जिले के बिलासपुर में पति से विवाद के बाद महिला फांसी पर झूल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। सिहौर गांव निवासी रिजवान अहमद का विवाह उत्तराखंड के गदरपुर थाना क्षेत्र के हरलालपुर गांव निवासी जीनत के साथ हुआ था।
विवाह के पश्चात ही पति-पत्नी में किसी न किसी बात पर विवाद रहने लगा था। इस बीच शुक्रवार की रात दोनों में एक बार फिर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर दोनों अलग-अलग कमरों में सोए थे। सुबह में पत्नी के कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पति ने खोलना चाहा तो वह अंदर से बंद था। शक होने पर जब खिड़की से झांका तो वह फांसी के फंदे पर झूल रही थी। यह देख कर उसकी चीख निकल गई। जिस पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। जिसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार यादव के अनुसार अभी कोई तहरीर प्राप्त नही हुई है। अगर कोई तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की छानबीन की जाएगी।
शिक्षक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
मुरादाबाद के थाना मझोला के काशीराम नगर के सम्राट अशोक नगर में शिक्षक सुमित ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुमित सम्भल के चमरूआ गांव का रहने वाला है। वह सम्राट अशोक नगर में किराए पर रहकर एक स्कूल में बच्चों को पढ़ाता था। पुलिस के मुताबिक उसका किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमिका से विवाद होने पर वह कई दिन से तनाव में था। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। युवक के परिवार वालों को भी सूचना दे दी गई।