Suicide in Moradabad : पीएसी जवान की पत्नी ने की खुदकुशी, सदमे में परिवार
Suicide in Moradabad मैनपुरी के रहने वाले पीएसी जवान की पत्नी ने संदिग्ध हालात में जहर खाकर जान दे दी। घटना के बाद से परिवार के लोग बदहवास हैं।
मुरादाबाद। 23वीं वाहिनी पीएसी में तैनात एक हेड कांस्टेबल की पत्नी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर खुदकुशी कर ली। महिला की मौत की खबर लगते ही सिविल लाइन पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। खुदकुशी की घटना से मृतका के स्वजन सदमे में हैं।
मैनपुरी के थाना कुरावली स्थित ग्राम खीरना खुर्द के मूल निवासी बलबीर सिंह बतौर हेड कांस्टेबल 23वीं वाहिनी पीएसी में बीते करीब सात वर्ष से कार्यरत हैं। पीएसी परिसर स्थित आवास में वह सपरिवार रहते हैं। बलबीर सिंह के मुताबिक सोमवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए। रात करीब दो बजे उनकी पत्नी सुशीला सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में मंगलवार तड़के करीब तीन बजे महिला को कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सुशीला सिंह ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। उपनिरीक्षक मंजू सिंह ने बताया कि पति बलबीर सिंह ने पूछताछ में कहा कि सुशीला सिंह बीते कुछ दिनों से लगातार परेशान थीं। महिला की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। बहरहाल घटना की पूरी तस्वीर पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही साफ होगी। सुशील दो बच्चों की मां थी। बड़ी बेटी ग्रेजुएशन कर रही है। घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों काे भी दी गई है।