Suicide in Amroha : न झगड़ा न टेंशन, कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक का शव
Suicide in Amroha बदलते परिवेश में लोगों में सहनशीलता की कमी आती जा रही है। इसके कई घातक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। सामाजिक तानेबाने में अपनों को वक्त देना जरूरी है।
अमरोहा। जिले के रजबपुर में युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव कमरे में लटका मिला। युवक की मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह घटना थाना क्षेत्र के गांव यकबगड़ी की है। यहां पर किसान नोबहार सिंह का परिवार रहता है। परिवार में पत्नी व बेटा विवेक हैं। इन दिनों विवेक की पत्नी मायके गई हुई है। सोमवार रात को विवेक खाना खाकर सोने के लिए कमरे में चला गया था। परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा है। विवेक की भी स्वजनों से कोई बात नहीं हुई। रात में किसी समय उसने कमरे में पंखे के सहारे चादर से फांसी लगा ली। मंगलवार सुबह जब विवेक सोकर नहीं उठा तो स्वजनों ने जाकर आवाज दी। कोई जवाब न मिलने पर दरवाजा खोलकर देखा तो शव पंखे के सहारे लटका पड़ा है। जवान बेटे का शव देख कर चीख निकल गई। आसपास के लोग भी आ गए। स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर आई तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। स्वजन घटना का कारण नहीं बता पा रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
युवक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में घटना ने कई सवालों को जन्म दे दिया है। स्वजनों के अनुसार युवक को टेंशन कोई नहीं थी। परिवार में भी कोई झगड़ा नहीं हुआ था। ऐसे में पुलिस घटना की असल वजह जानने में जुटी है।