अमराेहा में भाजपा के बाद सपा ने खाेले पत्ते, सदर विधायक की पत्री काे प्रत्याशी किया घोषित, जानिए क्या बन रहे समीकरण
Amroha SP News अमरोहा में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भाजपा के बाद अब सपा ने भी पत्ते खोल दिए हैं। सपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व सदर विधायक महबूब अली की पत्नी सकीना बेगम को प्रत्याशी घोषित किया है।
मुरादाबाद, जेएनएन। Amroha SP News : अमरोहा में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भाजपा के बाद अब सपा ने भी पत्ते खोल दिए हैं। सपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व सदर विधायक महबूब अली की पत्नी सकीना बेगम को प्रत्याशी घोषित किया है। अभी इस मामले में मजबूत माने जा रहे भाजपा प्रत्याशी ललित तंवर के सामने सकीना बेगम के उतरने से मुकाबला दिलचस्प होने के आसार बन गए हैं। वहीं बसपा ने जिला पंचायत चुनाव को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
बीते माह संपन्न हुए पंचायत चुनाव में जिले में 27 जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उसके बाद से ही अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर जोड़तोड़ शुरू हो गई थी। इस मामले में सबसे पहले भाजपा ने प्रत्याशी घोषित किया। पूर्व सांसद व समाजसेवी कंवर सिंह तंवर के बेटे ललित तंवर को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया है। वह वार्ड 16 से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए हैं। अभी तक किसी अन्य दल द्वारा अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया था।
जिससे ललित तंवर को मजबूत प्रत्याशी माना जा रहा था। परंतु सोमवार को सपा द्वारा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व सदर विधायक महबूब अली की पत्नी सकीना बेगम को प्रत्याशी घोषित किया गया है। सकीना बेगम वार्ड 3 से जिपं सदस्य निर्वाचित हुई हैं। उनके चुनावी मैदान में आने से जिपं अध्यक्ष पद का चुनाव दिलचस्प होना माना जा रहा है। ऐसी चर्चाएं है कि अब सदस्यों को लेकर जोड़तोड़ शुरू की जाएगी। सपा जिलाध्यक्ष निर्मोज यादव ने बताया कि पार्टी द्वारा सकीना बेगम को जिपं अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया गया है।