सोनाक्षी सिन्हा का मुकदमा होगा मुंबई ट्रांसफर, जानिए क्या है पूरा मामला Moradabad news
दबंग गर्ल फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा प्रकरण की विवेचना पूरी होने के बाद कटघर पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। दबंग गर्ल फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा प्रकरण की विवेचना पूरी होने के बाद कटघर पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए हैं। विवेचक ने कोर्ट में हलफनामा देकर मुकदमा मुंबई ट्रांसफर करने की सिफारिश कर दी है। इससे यह बात साफ हो गई है कि अब जल्द ही यह मुकदमा मुंबई ट्रांसफर हो जाएगा।दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में आने के लिए 40 लाख का भुगतान लेने के बाद नहीं आने के मामले में फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ ग्यारह माह पहले मुकदमा दर्ज हुआ था। विवेचक विजेंद्र सिंह ने इस बाबत कोर्ट में हलफनामा दिया है। उनका कहना है कि अनुबंध के मुताबिक यह मुकदमा मुंबई में ही चल सकता है। इसलिए मुकदमा ट्रांसफर के लिए रिपोर्ट भेज दी है।
इससे पहले के विवेचक अजय पाल सिंह को बयान देने के लिए सोनाक्षी हाईवे स्थित एक होटल में आईं तो विवेचक ही उनके साथ फोटो खिंचाने लगे थे। इसे लेकर उनकी सोशल मीडिया पर खूब फजीहत हुई थी। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि सोनाक्षी के खिलाफ कटघर में लिखे गए मुकदमे की विवेचना हो रही है। उसे तकनीकी कारणों से मुंबई ट्रांसफर करने की बात है।
यह था पूरा मामला
थाना कटघर थाना के शिवपुरी निवासी ईवेंट आर्गेनाइजर प्रमोद शर्मा ने सितंबर 2018 में दिल्ली में एक कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें शामिल होने के लिए टेलेंट फुलऑन और एक्सीड एंटरटेनमेंट कंपनी के माध्यम से सोनाक्षी सिन्हा से करार हुआ था। इसके लिए सोनाक्षी ने प्रमोशनल वीडियो भी जारी किया गया था। अनुबंध के मुताबिक सोनाक्षी ने अगल-अगल किश्त में 40 लाख रुपये भुगतान भी ले लिया था। कार्यक्रम के दिन सुबह फोन करके उन्होंने प्लेन का दूसरा टिकट कराया। आरोप है कि सोनाक्षी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुई थीं।
सोनाक्षी के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने पर भीड़ ने आयोजक की पिटाई कर दी थी। रकम वापस मांगने पर आयोजक को धमकी भी दी गई। 22 फरवरी 2019 को उसने थाना कटघर में सोनाक्षी सिन्हा और टेलेंट फूलऑन व एक्सीड एंटरटेनमेंट कंपनी के चार लोगों पर धोखाधड़ी में मुकदमा दर्ज कराया था।