जामुन तोड़ने के विवाद में सगे भाइयों में मारपीट व पथराव, दोनों पक्ष के छह लोग घायल
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और सात लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि किसी ने तहरीर नहीं दी है।
जेएनएन, अमरोहा। जामुन तोड़ऩे को लेकर सगे भाइयों के परिवार में जमकर मारपीट हुई। उनके बीच पथराव भी किया गया। घटना में दोनों तरफ से छह लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में ले लिया है। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
मंगलवार को रफा दफा हो गया था मामला
जोया के कोतवाली डिडौली क्षेत्र के गांव श्यौनाली में किसान अफसर अली का परिवार रहता है। बड़े बेटे आशकार के घर में जामुन का पेड़ है। छोटे बेटे शमशुल के घर की तरफ को भी पेड़ की शाखा फैली हुई है। मंगलवार शाम को शमशुल की बेटी गुलफशा व अफसाना ने जामुन तोड़ ली। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों मे गाली गलौज व मारपीट शुरू हो गई थी। उस समय मामला रफा दफा कर दिया गया था।
कहासुनी के बाद होने लगी मारपीट
बुधवार को भी उनके बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मारपीट की सूचना शमशुल की पत्नी कमर जहां ने अपने मायके ढकिया चमन निवासी यूसुफ, असलम हुसैन, अकरम व अरबाज को दी। सूचना मिलते ही मायके से पहुंचे लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। उनके बीच पथराव भी हुआ। मारपीट में शमशुल पक्ष से युसुफ, अफसाना, कमर जहां, गुलफशा, शाहरूख व आशकार पक्ष से उसमान अहमद घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत कराया तथा सात लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। उनके बीच समझौते का प्रयास जारी है।