सादगी और ईमानदारी ने नए चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा को दिलाया हर मुकाम
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन सुशील चंद्रा को नया चुनाव आयुक्त बनाये जाने की सूचना मिलते ही गुरुवार को मुरादाबाद में खुशी मनाई गई।
मुरादाबाद, जेएनएन : केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन सुशील चंद्रा को नया चुनाव आयुक्त बनाये जाने की सूचना मिलते ही गुरुवार को मुरादाबाद में खुशी मनाई गई। संभल जिले के चंदौसी शहर में पैदा हुए चंद्रा की मुरादाबाद के प्रख्यात समाजसेवी एवं शिक्षाविद डा. अरविंद गोयल, रवींद्र गोयल एवं विपिन गोयल के बहनोई हैं। रिश्तेदारों एवं उनके शुभचिंतकों ने चंद्रा की नई नियुुक्ति पर खुशी जताने के साथ विभिन्न उच्च पदों पर रहते हुए उनकी सादगी और ईमानदारी को मिसाल बताया।
सुबह से ही सोशल मीडिया पर छाए सुशील
सुशील चंद्रा के चुनाव आयुक्त बनाए जाने की सूचना वैसे तो सुबह से ही सोशल मीडिया पर चलने लगी थी लेकिन, गोयल परिवार के सदस्य कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थे। हालांकि उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। दैनिक जागरण ने दिन में लगभग एक बजे सुशील चंद्रा से दूरभाष पर बातचीत की तो उन्होंने उस समय तक नियुक्ति के संबंध में कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिलने की बात कहते हुए कुछ भी कहने से मना कर दिया। समय जैसे-जैसे आगे बढ़ा लोग सूचना की सच्चाई जानने को बेताब थे।
शाम चार बजे से शुरू हो गया खुशी का सिलसिला
आखिरकार लगभग 4 बजते-बजते सुशील चंद्रा को चुनाव आयुक्त बनाए जाने की खबर आधिकारिक हो चुकी थी। फिर तो शुरू हुआ खुशी जाहिर करने का सिलसिला। देश और विदेश से गोयल परिवार के सदस्यों को बधाई देने का तांता लग गया। डा. अरिवंद गोयल ने शुभचिंतकों को धन्यवाद देने के साथ सुशील चंद्रा की कर्मठता को इकसा श्रेय दिया।
तेजतर्रार छवि के माने जाते हैं सुशील
1980 बैच के आइआरएस अधिकारी सुशील चंद्रा तेज-तर्रार छवि के साथ ही सख्त और ईमानदार अफसर के रूप में जाने जाते हैं। उनकी बेदाग छवि और कार्यकुशलता के चलते ही केंद्र सरकार ने उन्हें सीबीडीटी पद पर दो बार सेवा विस्तार दिया। आइआइटी से स्नातक चंद्रा उन विरले अफसरों में शामिल हैं, जिन्हें सेवा विस्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने नियमावली में संशोधन किया था।
एक ही दिन आई दोहरी खुशी
गोयल परिवार के लिए गुरुवार दोहरी खुशी का दिन था। सुबह लगभग आठ बजे डॉ.अरविंद गोयल के छोटे बेटे शुभम की पत्नी ने पुत्री को जन्म दिया। परिवारी जन यह खुशी मना ही रहे थे कि इसके कुछ ही देर बाद चंद्रा की नियुक्ति की सूचना आने लगी। इस दोहरी खुशी को गोयल परिवार ने शुभचिंतकों को मिठाई खिलाकर साझा किया। उल्लेखनीय है कि चंद्रा के आलावा गोयल परिवार के मुखिया डॉ. अरविंद गोयल के दामाद सेना में कर्नल हैं, जो इस समय जम्मू-कश्मीर बार्डर पर तैनात हैं। उनके दूसरे बहनोई सेंट्रल एक्साइज में कलेक्टर के पद पर सेवारत हैं। उनके ससुर जज रह चुके हैं।
बच्चों को निश्शुल्क पढ़ाते हैं सुशील के पिता
सुशील चंद्रा मूलरूप से सम्भल जनपद के चन्दौसी के रहने वाले हैं। उनके पिता शिक्षक थे,और सेवानिवृत्त होने बाद आज भी गरीब बच्चों को निश्शुल्क पढ़ाते हैं। परिवार में बेटा, बेटी,दामाद और बहू सभी नौकरी करते हैं।