Sanitation Survey 2021 : मुरादाबाद में इस बार डलाव घर और कूड़ेदान दिखे तो रैंकिंग में आएगी गिरावट
Sanitation Survey 2021 कूड़ा फ्री शहर बनाने के लिए डोर टू डोर कलेक्शन पर जाेर दिया जा रहा है। 6000 अंकों के सर्वेक्षण में शहर को कूड़ा फ्री बनाने के लिए अबकी बार 2400 अंक निर्धारित किए गए हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। Sanitation Survey 2021। पिछले साल नगर निगम ने अच्छी रैंकिंग के शहर भर में कूड़ेदान रखवाए, पक्के डलाव घर बनवाए लेकिन अबकी बार स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में नियम बदल गए हैं। इसके तहत शहर को कूड़ा फ्री बनाने के लिए कूड़ेदान और डलाव घर खत्म करने हैं। सीधे डोर टू डोर से कूड़ा उठेगा और एमआरएफ सेंटर जाएगा। यहीं से गीला व सूखा कूड़ा छांटकर ट्रंचिंग ग्राउंड जाएगा। लिहाजा इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए कूड़ेदान नहीं रखे जाने हैं।
अगर स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार डलाव घर मिले तो रैंकिंग घटेगी। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को मजबूत करने के लिए दो कंपनी को 38 वार्डों में काम सौंप दिया गया है। इस कंपनी को घरों का सर्वे करके शीघ्र डोर टू डोर कलेक्शन के निर्देश दिए गए हैं। चार जनवरी से 28 मार्च तक स्वच्छता सर्वेक्षण चलेगा। मुरादाबाद में मार्च तक केंद्रीय टीम सर्वेक्षण करने आ सकती है। इसको लेकर नगर निगम प्रशासन ने कंसलटेंट कंपनी को रखकर स्वच्छता संबंधी कार्यक्रम तेज कर दिए हैं। कर्मचारियों से स्वच्छता सर्वेक्षण की फीडबैक ली जा रही है। कंसलटेंट कंपनी ने सहायक नगर आयुक्त को डोर टू डोर पर काम करने को अहम बताया। इसके अलावा स्वच्छता एप पर गंदगी की शिकायतों का निस्तारण जरूरी है। नगर आयुक्त संजय चौहान ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 6000 अंकों का है। इसमें सबसे ज्यादा अंक शहर को कूड़ा फ्री बनाने के लिए निर्धारित हैं। कूड़ा फ्री शहर के लिए 2400 अंक निर्धारित हैं। इसमें हम इस बार काफी मजबूत स्थिति में हैं।