Rampur coronavirus news update : कलेक्ट्रेट के 180 कर्मचारियों की सैंपलिंग, अफसरों ने घर बैठकर किया काम
शारीरिक दूरी का पालन करेंगे और मॉस्क जरूर पहनेंगे। यदि इन नियमों का किसी ने उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रामपुर, जेएनएन। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कलेक्ट्रेट के 180 कर्मचारियों की जांच कराई गई है। कलेक्ट्रेट परिसर को रविवार तक के लिए बंद कर दिया गया है। कलेक्ट्रेट और कचहरी के सभी गेटों पर ताले डाल दिए गए हैं। इसके चलते दिन भर यहां सन्नाटा पसरा रहा। अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट और कचहरी परिसर को सैनिटाइज कराया। शुक्रवार सुबह कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने एडीएम जगदम्बा प्रसाद गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता आदि अधिकारियों को बुला लिया। कलेक्ट्रेट को बंद करने के आदेश दिए।
कलेक्ट्रेट में ही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी, सीओ केमरी, कोषागार आदि कार्यालय हैं। डीएम ने सभी कार्यालयों को बंद करने के निर्देश दिए। सुबह 10 बजे से पहले ही अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ गेट पर पहुंच गए। कलेक्ट्रेट परिसर को खाली कराया गया। वहां पहले से आ चुके फरियादियों, अधिवक्ताओं को बाहर निकाला गया। कैंटीन, वाहन स्टैंड भी खाली करा दिए गए। जिला जज को भी सूचित कर दिया। इसके चलते न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी भी नहीं आए। इसके बाद वहां अग्निशमन की टीम बुलाकर कलेक्ट्रेट व कचहरी परिसर को सैनिटाइज कराया गया। अधिवक्ताओं के चेंबरों पर भी दवा का छिड़काव किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि रविवार तक कलेक्ट्रेट बंद रहेगा। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।
जेल से लाए बंदियों की भी नहीं हुई पेशी
कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के कोरोना संक्रमित होने पर कलेक्ट्रेट के साथ ही कचहरी को भी बंद कर दिया गया। इसके चलते शुक्रवार को मुकदमों की सुनवाई नहीं हो सकी। जेल से बंदियों को लेकर आए वाहनों को भी लौटा दिया गया। बंदियों की पेशी भी नहीं हो सकी।