ठंड में कम हो गई रोडवेज की आय, मुरादाबाद मंडल में सौ बसें नहीं निकल रहीं डिपो से बाहर
Moradabad Roadways Income लॉकडाउन खत्म होने के बाद प्रदेश में एक जून से बसों का संचालन शुरू किया गया। इसके बाद रोडवेज की आय बढ़ गई थी। अब ठंड बढ़ने की वजह से यात्री नहीं मिल रहे हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। Moradabad Roadways Income। सहालग खत्म होने और ठंड की वजह से बसों में भीड़ कम हो गई है। यात्रियों की संख्या कम होने से मंडल की सौ बसें डिपो से बाहर ही नहीं निकलीं। वहीं दूसरी ओर रात में बसों की संख्या काफी कम हो गई है।
लॉकडाउन खत्म होने के बाद प्रदेश में एक जून से बसों का संचालन शुरू किया गया। यात्रियों की संख्या कम होने और पाबंदी के कारण रोडवेज को लगातार नुकसान हो रहा था। अक्टूबर से त्योहार का सीजन शुरू हुआ तो बसों में भीड़ बढ़नी शुरू हो गई। त्योहार खत्म होने के बाद सहालग शुरू हो गए। ट्रेनों की संख्या कम होने से अधिकांश यात्री बसों से सफर करने लगे। इससे रोडवेज की आय काफी बढ़ गई थी। मंडल में प्रत्येक दिन 90 लाख रुपये की आय हो रही थी। यह स्थिति पिछले सप्ताह तक रही। इसके बाद सहालग खत्म होने के बाद मौसम में अचानक करवट बदल लिया। इसी के साथ ठंड भी बढ़ गई। अब यात्रियों ने बसों में सफर करना कम कर दिया है। यही स्थिति ट्रेनों की भी है। यात्रियों की संख्या कम होने से बसें भी कम चल रहीं हैं। मंडल भर में रोडवेज की 694 बसें चलती हैं। यात्रियों के न होने से सौ बसें डिपो से बाहर नहीं निकल रहीं हैं। इसकी वजह से रोडवेज की आय घटकर 65 लाख रुपये प्रतिदिन रह गई है। ठंड के कारण रात में यात्रियों ने बसों से सफर करना बंद कर दिया है। मुरादाबाद बस अड्डे से बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। बाहर की कुछ बसें रात में मुरादाबाद होकर गुजरती हैंं। रात में यात्री बस अड्डे पर पहुंचते हैं तो बाहर की बसों में सवार होकर चले जाते हैं।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुमार नायक ने बताया कि सहालग खत्म होने और ठंड के कारण यात्रियों संख्या काफी कम हो गई है। 20 फीसद बसें चलनी बंद हो गईं हैं।