रात में न करें रोडवेज बस की उम्मीद, कोहरे के चलते बंद
बसों में ठंड से बचाव के खास इंतजाम नहीं होते हैं, इसलिए रात में यात्रियों ने बसों में सफर करना बंद कर दिया है।
मुरादाबाद: आजकल में आपका अगर शहर से बाहर जाने का कोई कार्यक्रम है तो कम से कम रात का सफर न ही करें। बहुत जरूर हो तो रात होने से पहले ही ट्रेन या बस से निकल लें अन्यथा रात होने पर आपको यहां से रोडवेज बस नहीं मिलने वाली। कोहरे के चलते यात्रियों की संख्या कम होने के कारण उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने रात में यहां से अन्यत्र स्थानों को जाने वाली बसों का संचलान बंद कर दिया है। केवल ट्रेन व लंबी दूरी की बसें ही सहारा हैैं, लेकिन कोहरे के चलते आजकल इनका भी कोई निर्धारित समय नहीं है।
गिरता जा रहा है तापमान
बर्फीली हवा से लगातार तापमान गिरता जा रहा है। दिन में धूप निकलने के कारण ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिल जाती है लेकिन रात में ठंड काफी बढ़ जाती है। बसों में ठंड से बचाव के खास इंतजाम नहीं होते हैं, इसलिए रात में यात्रियों ने बसों में सफर करना बंद कर दिया है। रात में दोनों बस अड्डे पर सन्नाटा छाया रहता है। इसे देखते हुए रोडवेज प्रबंधन ने रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक बसों को चलाना बंद कर दिया है। शाम पांच बजे के बाद हरिद्वार, सहारनपुर के लिए बसें नहीं चलाई जा रहीं हैं। दिल्ली के लिए भी रात सात बजे के बाद बसें नहीं चलाई जा रहीं हैं। वहीं रात नौ बजे के बाद लोकल के लिए बसें नहीं चल रहीं हैं। यात्रियों की संख्या कम होने से रोडवेज की आय कम हो गई है। रोडवेज प्रबंधन आय बढ़ाने के लिए नए मार्ग की तलाश कर रहा है। दिन में जिस मार्ग पर यात्रियों की संख्या अधिक होती है, उस मार्ग पर ही बसें चलाई जा रहीं हैं।
रात में अन्य जगहों से चलती हैं लंबी दूरी की बसें
रात में कानपुर, लखनऊ, देहरादून, दिल्ली आदि स्थानों से लंबी दूरी की बसें चलती हैं। इन बसों में भी यात्रियों की संख्या कम होती है। लिहाजा ये बसें मुरादाबाद बस अड्डे से होकर जाती हैं। दूसरी ओर रेलवे ने भी कोहरे के नाम पर 36 से अधिक ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। ट्रेनों में भी इस समय यात्रियों की संख्या कम हो गई है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक शिव बालक ने बताया कि ठंड बढऩे के साथ ही रात में यात्री भी नहीं चल रहे हैं। लिहाजा रात में बसें बंद कर दी गईं हैं।