Road accident : अमरोहा में हाईवे पर हादसे में युवक की मौत, तीन माह पहले ही हुई थी शादी
Road accident अमरोहा के गजरौला में नेशनल हाईवे पर ग्राम काकाठेर ढाल के पास एक वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
अमरोहा। गजरौला में नेशनल हाईवे पर ग्राम काकाठेर ढाल पर बने कट पर तेज रफ्तार किसी अज्ञात वाहन ने बाईक सवार दो युवकों को रौंद दिया। एक की मौके पर मौत हो गई जबकि उसके दूसरे साथी की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर भेजा गया है।
यह हादसा मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे हुआ। गांव कांका ठेर के संजय का पुत्र धर्मपाल हादसे के समय अपनी ननिहाल से लौट रहा था। उसके साथ बाइक पर आदमपुर थाने के गांव सीतल सराय निवासी धर्मेंद्र सिंह भी सवार थे। बाइक हाईवे से गांव की तरफ ले जाने को जैसे ही कट की ओर मुड़ी तभी पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में धर्मपाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया जबकि घायल को निजी अस्पताल से प्राथमिक उपचार दिला कर बाहर भिजवा दिया। अज्ञात वाहन व उसके चालक का पुलिस पता नहीं लगा सकी है। मृतक धर्मपाल सिंंह संंजय सिह का बड़ा बेटा था। उसकी शादी लॉकडाउन मे तीन माह पहले ही हुई थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही स्वजन बिलख पड़े। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि शव पीएम को भेज दिया है।
तीन महीने में उजड़ा सुहाग, विवाहिता बेसुध
तीन महीने में सुहाग उजड़ जाने पर विवाहिता बेसुध है। रो-रोकर उसका बुरा हाल है। पति को याद कर वह बार-बार वह अपने होश खो रही है। परिवार के लोगों का रोना देखकर दिलासा देने वालों की भी आंखें नम हो गईं। वह पअपने पति के साथ खुश थी। दोनों ने हाल ही में दांपत्य जीवन की शुरुआत की थी।