Panchayat Chunav : मुरादाबाद में आरक्षण से तय होंगे कई बड़े नेताओं के समीकरण
भाजपा सपा कांग्रेस बसपा और आप चार दल ही मुख्य रूप से पंचायत चुनाव में अपने समर्थित प्रत्याशी उतारने की तैयारी में जुटे हैं। सभी दलों ने संभावित प्रत्याशियों की तलाश भी शुरू कर दी है। भाजपा और सपा से तमाम नेता दावे कर रहे हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। पंचायत चुनाव के लिए शासन और प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह 15 फरवरी तक त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने की घोषणा कर चुके हैं। इसकेे बाद जिन्हें पंचायत चुनाव में उतरना है, वे पूरे दमखम से तैयारी में जुट गए हैैं। मार्च तक सब कुछ तय होना है। चुनाव की दिशा आरक्षण भी तय करता है। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर निगाह लगाने वाले बड़े नेताओं के समीकरण तो आरक्षण तय होने के बाद ही बन पाएंगे। हालांकि, अनुमान के आधार पर पार्टियों में दावेदारी शुरू हो चुकी है।
भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा और आप चार दल ही मुख्य रूप से पंचायत चुनाव में अपने समर्थित प्रत्याशी उतारने की तैयारी में जुटे हैं। सभी दलों ने संभावित प्रत्याशियों की तलाश भी शुरू कर दी है। भाजपा और सपा से जिला पंचायत सदस्य के 39 पदों पर चुनाव लड़ने के लिए तमाम नेता दावे कर रहे हैं। नेता अपने लाडलों को उतारने की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन, सभी राजनीतिक दलों ने साफ कर दिया है कि पार्टी ऐसे प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारेगी, जिससे विधानसभा चुनाव पर असर न पड़े। इसलिए विधानसभा चुनाव की तैयारी करने वाले नेता चुप्पी साधकर बैठ गए हैं। ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के वार्डों का आरक्षण इसी महीने फाइनल होना है। इसके बाद ही यह तय होगा कि किस गांव के किस वर्ग का प्रत्याशी चुनाव मैदान में होगा। ग्राम पंचायतों और जिला पंचायतों के वार्डों के आरक्षण को लेकर ग्रामीण सबसे अधिक उत्सुक हैं। कई संभावित प्रत्याशियों ने तो चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ऐसे गांव यदि संभावित प्रत्याशियों के वर्ग की जाति के लिए आरक्षित नहीं होते हैं तो उनके अरमानों पर पानी फिर जाएगा।
एक साथ होंगे चारों पद के लिए चुनाव : भूपेंद्र सिंह
पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सरकार पंचायत चुनाव की तैयारी तेजी से कर रही है। परिसीमन 16 जनवरी तक फाइनल होने के बाद 24 जनवरी से आरक्षण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बाद मतदाता सूचियां बनाई जानी हैं। उम्मीद है कि फरवरी 15 फरवरी तक यह सभी काम निपट जाएंंगे। इसके बाद सरकार चुनाव कराने के लिए आयोग के पास सारा डाटा भेज देगी। मार्च के अंत या अप्रैल से पहले सप्ताह में पहले चरण का मतदान होगा। चुनाव पांच चरणों में होने की संभावना है। यह सब भी जल्द ही तय होना है। ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए एक साथ ही चुनाव होंगे।