अब आप भी देख पाएंगे ब्रिटिश सरकार का खजाना, जान पाएंगे काकोरी कांड में क्या हुआ था
Republic Day 2022 नौ अगस्त 1925 को स्वतंत्रा संग्राम के सेनानियों ने ट्रेन में डकैती डालकर ब्रिटिश सरकार के खजाना लूटा था। इस डकैती में क्या-क्या सामान लूटा गया था उन्हें अब आप भी देख सकेंगे। मुरादाबाद रेल मंडल के काकोरी रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
मुरादाबाद, (प्रदीप चौरसिया)। Republic Day 2022 : नौ अगस्त 1925 को स्वतंत्रा संग्राम के सेनानियों ने ब्रिटिश सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए सरकारी खजाना लूटा था। ट्रेन में डकैती डालकर ब्रिटिश सरकार के खजाना लूटा था। इस डकैती में क्या-क्या सामान लूटा गया था उन्हें अब आप भी देख सकेंगे। इसके लिए रेलवे काकोरी स्टेशन पर 24 जनवरी से प्रदर्शनी लगाने जा रहा है। इस प्रदर्शनी में क्रांतिकारियों के फोटो, आजादी से जुड़े दस्तावेज भी रखे जाएंगे।
रेलवे बोर्ड ने अधिकारियों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर विशेष करने का आदेश दिया है। क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश सरकार को सबक सिखाने के लिए ट्रेन से सरकारी खजाना लूटने जैसी कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इन स्टेशनों पर क्रांतिकारियों व आजादी महत्व के बारे में जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी लगाने जा रहा है। मुरादाबाद रेल मंडल में काकोरी स्टेशन है। क्रांतिकारी राम प्रसाद बिस्मिल, चंद्रशेखर आजाद, अशफाक उल्ला खां ने ब्रिटिश सरकार को देश से निकालने के लिए युद्ध की तैयारी की थी। हथियार खरीदने के लिए रुपये की आवश्यकता थी।
अंग्रेज सरकार सरकारी खजाना सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर से भेजती थी। सरकारी रुपये के रखने के लिए दो कुंतल के लोहे का बाक्स (रेलवे की भाषा में खजाना) होता था। जिसे आसानी से तोड़ा या खोला नहीं जा सकता था। क्रांतिकारियों ने नौ अगस्त 1925 की रात में काकोरी स्टेशन से सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर के चलते ही चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया था। ईस्ट इंडियन रेलवे (आइआर) के प्रतीक चिह्न लगे लोहेे के बाक्स के ताला को गोली मार कर तोड़कर ब्रिटिश सरकार का धन लूट लिया था।
मंडल रेल प्रशासन काकोरी स्टेशन पर 24 से 27 जनवरी तक इसी घटना को लेकर प्रदर्शनी लगाने जा रहा है। घटना के समय क्रांतिकारियों ने जिस लोहेे के बाक्स का ताला तोड़ कर खजाना लूटा था, उसको भी प्रदर्शनी में रखा जाएगा। इसके साथ ही सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर के गार्ड का दिखाने जाने वाले सिग्नल लैंप, घटना में शामिल क्रांतिकारियों के फोटो, आजादी के समय के अन्य सामग्री प्रदर्शनी में रखी जाएगी। मंडल रेल प्रबंधक अजय नंदन काकोरी स्टेशन का निरीक्षण कर चुके हैं। स्टेशन को 24 जनवरी से 27 जनवरी तक सजाया जाएगा। रात में लाइट की विशेष व्यवस्था की जाएगी।