LokSabhaElection2019:लोकसभा चुनाव में अब तक का रिकार्ड मतदान
लोकसभा चुनाव में मतदाताओं ने इस बार जमकर उत्साह दिखाया इसके चलते मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र में अब तक का रिकार्ड मतदान हुआ है।
मुरादाबाद। लोकसभा चुनाव में मतदाताओं ने इस बार जमकर उत्साह दिखाया, इसके चलते मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र में अब तक का रिकार्ड मतदान हुआ है। स्ट्रांग रूम में ईवीएम सील करने के साथ ही पोलिंग बूथ अफसरों से जो फाइनल आंकड़े मिले, उनके अनुसार मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र का मतदान फीसद 65.39 फीसद दर्ज किया गया है। जो अब तक हुए लोकसभा चुनावों में सबसे ज्यादा है। 2014 के लोकसभा चुनावों में 63.66 फीसद मतदान हुआ था। इस बार लगभग दो फीसद मतदान ज्यादा हुआ है। मतदान फीसद बढऩे पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने खुशी जताई, उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने इस बार उत्साह दिखाया है। इसके लिए सभी का आभार व्यक्त करता हूं। मजबूत लोकतंत्र के लिए सभी की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। मतदान फीसद का बढऩा इसका मजबूत उदाहरण है।
तीन हजार कार्यक्रम किए गए आयोजित
मतदान फीसद बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में स्वीप अभियान चलाया जा रहा था। इसके बाद सरकारी व गैरसरकारी विभागों के द्वारा तीन हजार से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। अफसरों ने इस बार उन स्थानों में ज्यादा कार्यक्रम कराए,जहां पर अक्सर मतदान फीसद दस के करीब रहता था। इस बार हुए मतदान में उन सभी बूथों में मतदान फीसद साठ के करीब रहा है।
जनपद में 65.50 फीसद मतदान
लोकसभा चुनाव में मुरादाबाद जनपद की छह विधानसभा में भी रिकार्ड मतदान किया गया है। इस छह विधानसभा में 65.50 फीसद मतदान हुआ है,जो कि अब तक का सबसे ज्यादा रिकार्ड मतदान है।
ठाकुरद्वारा में 72.55 फीसद हुआ मतदान
लोकसभा चुनाव में मुरादाबाद की छह विधानसभाओं में सबसे ज्यादा ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में 72.55 फीसद मतदान हुआ है। साल 2014 के लोकसभा क्षेत्र में यहां पर मतदान फीसद 70.47 था। जबकि इस बार लगभग तीन फीसद अधिक मतदान हुआ है।
लोकसभा क्षेत्र का मतदान फीसद
वि.स मतदान फीसद
बढ़ापुर 66.50
कांठ 69.94
ठाकुरद्वारा 72.55
मु.देहात 62.09
मु.नगर 58.66
टोटल 65.39
मुरादाबाद जनपद का मतदान फीसद
कांठ 69.94
ठाकुरद्वारा 72.55
मु.देहात 62.09
मु.नगर 58.66
कुंदरकी 66.96
बिलारी 65.62
टोटल 65.50
भाजपाइयों की चुनावी थकान मिटी तो आंकड़ेबाजी में बीता दिन
लोकसभा चुनाव के महासमर में गुलजार रहने वाले राजनीतिक दलों के कार्यालयों में चुनाव निपटते ही सन्नाटा पसर गया। लोकतंत्र का महापर्व बीतने के बाद राजनीतिक दलों के कार्यालयों में कैसा माहौल रहा यह जानने की कोशिश की गई। इसमें बुद्धि विहार स्थित भाजपा का कार्यालय बंद था। कार्यालय में जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, लोकसभा सह संयोजक से लेकर पार्टी प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह नहीं गए। चुनाव की थकान से चूर इन नेताओं ने घरों में समय बिताया। लोकसभा सह संयोजक मनमोहन सैनी के अनुसार वह रोजाना की तरह सुबह छह बजे उठ गए थे और अपने घर पर बनाए गए कार्यालय में बैठ गए। कुछ बूथ अध्यक्ष व सेक्टर प्रभारी भी वहां आ गए। जिनसे किस बूथ पर कितना वोट था और कितना भाजपा के पक्ष में मिलने की उम्मीद है। इसकी आंकड़े जुटाने में लगे रहे। कई से फोन पर भी वार्ता की। गठबंधन, कांग्रेस व भाजपा को कितने वोट मिल रहे हैं, इसके आंकड़े लगाने में लगे रहे। इस आंकड़ेबाजी का निष्कर्ष भाजपा लोकसभा सहसंयोजक ने अपनी पार्टी के प्रत्याशी की जीत बता रहे हैं।
महानगर अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता भी पार्टी कार्यालय नहीं गए, लेकिन फोन पर बूथ अध्यक्ष व सेक्टर प्रभारियों से बातचीत में व्यस्त रहे। इनका दावा है कि मुरादाबाद नगर विधानसभा में पिछले लोकसभा चुनाव से भी ज्यादा वोट मिलेंगे। कहते हैं कि उनके ऊपर नगर विधानसभा की जिम्मेदारी थी, जिसके आंकड़े साफ हैं। लेकिन वह बिलारी, ठाकुरद्वारा, देहात, कांठ में भी अपने प्रत्याशी की जीत के दावे करते रहे। वहीं, महापौर विनोद अग्रवाल पीली कोठी कैंप कार्यालय पर बूथ बार आए आंकड़ों में भाजपा को मिले वोटों का गणित लगाते रहे।