पुलिस और बदमाशों के बीच चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, सिपाही घायल Sambhal News
हयातनगर थाना क्षेत्र में सम्भल-आदमपुर मार्ग पर जंगल में बदमाश व पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। गोकशी चोरी व गैंगस्टर एक्ट के कई मामलों में वांछित बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया।
सम्भल, जेएनएन। हयातनगर थाना क्षेत्र में सम्भल-आदमपुर मार्ग पर जंगल में बदमाश व पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। गोकशी, चोरी व गैंगस्टर एक्ट के कई मामलों में वांछित बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की तो बदमाश को भी गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से भागने में सफल रहा। मौके से पुलिस ने बाइक, तमंचा व तीन कारतूस बरामद किए है। घायल सिपाही व बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हयातनगर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार रविवार की शाम आदमपुर मार्ग पर सौंधन की तरफ से गश्त कर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी अमावती से पहले जाहरवीर मंदिर के निकट पहुंची तो पुलिस को दो युवक संदिग्ध अवस्था में बाइक पर जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक को रोककर पुलिस की गाड़ी पर फायर झोंक दिया। जिसमें एक सिपाही के हाथ में गोली लग गई। इसके बाद बदमाश जंगल की ओर भागने लगे। इस पर थाना पुलिस ने उच्चाधिकारियों को घटना के बारे में बताते हुए बदमाशों को पकड़ के लिए काम्बिंग शुरू कर दी। पुलिस ने चारों तरफ से जंगल को घेर लिया। पुलिस द्वारा बदमाश को ललकारने पर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की तो एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी। जबकि उसका दूसरा साथी मौका पाते ही फरार हो गया। जानकारी के बाद पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद, सीओ केके सरोज समेत एसओजी टीम, थाना नखासा प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। इतना ही नहीं मुठभेड़ की सूचना मिलने पर डायल 112 की कई गाडिय़ां भी मौके पर पहुंच गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौक से एक तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद की। पुलिस ने घायल सिपाही योगेश कुमार व बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान असमोली थाना क्षेत्र के गांव ओबरी निवासी बदमाश तौफीक पुत्र रफीक उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया है। वह गोकशी, चोरी समेत कई मामलों में वांछित चल रहा था। उसका साथी हयातनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला भूड़ा सरायतरीन निवासी शहजाद पुत्र मुख्तयार फरार है। बदमाश के पास से तमंचा व बाइक बरामद हुई है।