मुरादाबाद के बिलारी में रामपुर के युवक की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
रामपुर के रहने वाले एक युवक की हत्या करने के बाद उसका शव बिलारी थाना क्षेत्र में ठिकाने लगा दिया गया। रविवार को सुबह युवक का शव सीमावर्ती गांव रामनगर गंगपुर के जंगल में मिला। खून से लथपथ शव की पहचान के बाद पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुटी।
मुरादाबाद, जेएनएन। रामपुर के रहने वाले एक युवक की हत्या करने के बाद उसका शव बिलारी थाना क्षेत्र में ठिकाने लगा दिया गया। रविवार को सुबह युवक का शव सीमावर्ती गांव रामनगर गंगपुर के जंगल में मिला। खून से लथपथ शव की पहचान के बाद पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुटी। मृतक के स्वजन रुपये के लेनदेन में युवक की हत्या होने का संदेह जता रहे हैं। हालांकि देर रात तक उन्होंने घटना के बावत कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी थी।
बिलारी थाना क्षेत्र स्थित रामनगर गंगपुर गांव में कब्रिस्तान के निकट तीस वर्षीय एक युवक का रक्त रंजित शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर बिलारी पुलिस मौके पर गई। भीड़ की मदद से पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की। फौरी तौर पर उसे विफलता हाथ लगी। तब पुलिस ने घटना स्थल से शव हटा दिया। कुछ देर बाद रामपुर के शाहबाद थाना क्षेत्र के करीमगंज गांव के रहने वलो बहोरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक की पहचान पुत्र चरन सिंह के रूप में की। बहोरी ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। चरन सिंह बड़ा जबकि अनिल छोटा है। चरन सिंह करीमगंज शुगर मिल के बाहर होटल चलाता था। उसकी ननिहाल के गांव बिलारी थाना क्षेत्र के गोरा शाहगढ़ गांव में है। वहां के रहने वाले रवि और हरवीर शनिवार को चरन सिंह को साथ लेकर गए। चरन सिंह गन्ने की खरीद फरोख्त से जुड़ा था।